‘कोई बचकर नहीं जाएगा’, राहुल गांधी का PM मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार पर बड़ा हमला
‘कोई बचकर नहीं जाएगा’, राहुल गांधी का PM मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार पर बड़ा हमला
नई दिल्ली। New Delhi: विपक्षी दलों के मार्च के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी कर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया गया है। राहुल गांधी ने कहा, “नरेंद्र मोदी ने वोट चोरी करके हाइजैक किया है। अमित शाह और मोहन भागवत ने हाइजैक किया है। ज्ञानेश कुमार ने उसमें मदद की है।”
उन्होंने आगे कहा कि इन सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राहुल गांधी ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा, “इनमें से सभी के खिलाफ एक्शन होगा। कोई बचकर नहीं जाएगा।”
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों की ओर से मार्च निकाला गया। इस मार्च में कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए, जबकि कुछ दलों ने इससे दूरी बनाए रखी। विपक्षी दल लगातार चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाते रहे हैं। वहीं, चुनाव आयोग इन आरोपों को खारिज करता रहा है। ऐसे में राहुल गांधी का ताजा बयान इस राजनीतिक टकराव को और तेज करने वाला माना जा रहा है।