Govt. Hospital Bhiwani: नागरिक अस्पताल की सुविधाएं होंगी ऑनलाइन, कतारों से मिलेगी मुक्ति 

16 अक्टूबर से सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगी ओपीडी: सीएमओ

Published On

भिवानी, सच कहूँ/इन्द्रवेश। Govt. Hospital Bhiwani: भिवानी के चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को अब लंबी कतारों और पर्ची कटवाने के झंझट से मुक्ति मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल की प्रमुख सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन और डिजिटल करने का फैसला लिया है। भिवानी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत अस्पताल में ओपीडी पंजीकरण और फीस भुगतान की प्रक्रिया को आॅनलाइन किया जा रहा है।

17 अक्टूबर से शुरू होने वाली इस नई व्यवस्था के तहत मरीज घर बैठे ही ओपीडी के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे, जिससे उन्हें अग्रिम टोकन नंबर और डॉक्टर से मिलने का समय मिल जाएगा। इसके साथ ही अस्पताल में कैशलेस भुगतान के लिए क्यूआर कोड स्कैनिंग की सुविधा लागू की जा रही है, ताकि मरीज सीधे अपने मोबाइल से आॅनलाइन भुगतान कर सकें। इसके अलावा सीएमओ ने सर्दियों के मद्देनजर अस्पताल के समय में बदलाव की भी घोषणा की। 16 अक्टूबर से ओपीडी का समय सुबह 8 से दोपहर 2 बजे की बजाय बदलकर सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा।

उन्होंने आमजन से इन ऑनलाइन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। बातचीत के दौरान डॉ. शांडिल्य ने बदलते मौसम में सांस संबंधी बीमारियों, खांसी, जुकाम और निमोनिया से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि संक्रमण से बचाव के लिए लोग कोविड नियमों की तरह ही खांसते-छींकते समय सावधानी बरतें, नियमित अंतराल पर हाथ धोएं और भीड़भाड़ में दूरी बनाकर रखें। बीमारी के लक्षण दिखने पर खुद को अलग रखें तथा बिना डॉक्टर की सलाह के अनावश्यक दवाइयां या एंटीबायोटिक लेने से बचें।

गुरुग्राम में भी ओपीडी का समय बदला 

गुरुग्राम। शीतकालीन ऋतु शुरू होने पर अब नागरिक अस्पताल में ओपीडी का समय बदल गया है। शुक्रवार 16 अक्तूबर 2026 से ओपीडी का समय सुबह नौ बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक का होगा। ओपीडी के लिए पंजीकरण सुबह साढ़े आठ बजे ही शुरू होंगें। प्रधान चिकित्सा अधिकारी नागरिक अस्पताल सेक्टर-10 की ओर से सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को पत्र जारी करके इसकी सूचना दी गई है।

About The Author

Related Posts