एमएसजी अवतार महोत्सव भंडारे महीने की खुशी में कल्याण नगर ब्लॉक ने की मानवता की सेवा
क्लॉथ बैंक मुहिम के तहत 25 जरूरतमंद महिलाओं को शॉल और 25 को बांटे कंबल
सरसा, 28 नवंबर (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। डेरा सच्चा सौदा के संस्थापक पूजनीय बेपरवाह शाह मस्ताना जी महाराज के पावन अवतार महीने के एमएसजी अवतार महोत्सव भंडारे की खुशी में शनिवार को ब्लॉक कल्याण नगर की बहनों की ब्लॉक स्तरीय नामचर्चा एमएसजी डेरा सच्चा सौदा व मानवता भलाई केंद्र सतलोकपुर धाम नेजिया खेड़ा में आयोजित हुई। नामचर्चा की शुरूआत ब्लॉक प्रेमी सेवक बहन लीना इन्सां ने इलाही नारा लगाकर की। इसके बाद कविराज बहनों ने शब्दवाणी के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान किया।
उन्होंने जन्म महीने की है खुशी बेमिसाल..., अज आए सतगुरु जी नवंबर में रूहों ने खुशियां मनाई... और आज दिन है यह कितना सुहाना, हमारे मुर्शिद का हुआ आना... सहित विभिन्न भजनों के माध्यम से सतगुरु की महिमा का गुणगान किया। ब्लॉक प्रेमी सेवक बहन लीना इन्सां ने साध-संगत को मानवता भलाई के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को राम नाम से जोड़ने का आह्वान भी किया। इसके बाद स्क्रीन पर पूज्य गुरु जी का सत्संग चलाया गया, जिसे साध-संगत ने एकाग्रचित होकर श्रवण किया।
नामचर्चा के समापन पर अरदास और सुमिरन किया गया। इसके बाद एमएसजी महोत्सव भंडारा माह की खुशी में बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं क्लॉथ बैंक मुहिम के तहत 25 जरूरतमंद बहनों को गर्म शॉल और 25 जरूरतमंद बहनों को कंबल वितरित किए गए। सेवा कार्य में सच्चे नम्र सेवादार बहन ऊषा इन्सां, रूहदीप इन्सां और उनके परिवार की ओर से सहयोग किया गया। इस अवसर पर सच्चे नम्र सेवादार बहन विनीता इन्सां, ऊषा इन्सां सहित सभी जोनों और गांवों से सच्ची प्रेमी समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में साध-संगत मौजूद रही।

Comments