वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने निमार्णाधीन इमारत का किया औचक निरीक्षण

12 करोड़ रुपये की लागत से बन रही तीन मंजिला इमारत में होंगे 17 क्लासरूम और एक बड़ा हॉल

Published On

दिड़बा मंडी, सच कहूँ/प्रवीण गर्ग। Dirba Mandi News: हलका दिड़बा के सबसे बड़े सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल, जिसे पंजाब सरकार की ओर से कॉमरेड भीम सिंह स्कूल ऑफ एमिनेंस का नाम दिया गया है, में बन रही नई इमारत के निर्माण कार्य का वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने औचक दौरा कर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से शिक्षा क्रांति के तहत विद्यार्थियों की रुचि और योग्यता के अनुसार उन्हें बेहतर शिक्षा देने के लिए स्कूल ऑफ एमिनेंस स्थापित किए गए हैं। 

इसी के तहत दिड़बा के कॉमरेड भीम सिंह स्कूल आॅफ एमिनेंस में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला इमारत का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्कूल में इमारत की कमी को दूर करने के लिए बनाई जा रही इस इमारत में 17 क्लासरूम, प्रिंसिपल का कमरा और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के लिए एक बड़ा हॉल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों से जोड़ने के लिए स्कूल में विभिन्न खेल मैदान भी तैयार किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थी स्कूल स्तर से ही अपनी खेल प्रतिभा को निखारकर देश का नाम रोशन कर सकें।

वित्त मंत्री ने ठेकेदार और संबंधित सरकारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि इमारत के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि निर्माण कार्य में कोई कमी पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान स्कूल स्टाफ की ओर से अध्यापकों की कमी का मामला भी उनके ध्यान में लाया गया। इस पर वित्त मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही अध्यापकों की कमी को पूरा किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts