सांसद ने गाँव झलूर के सरकारी स्कूल में एनएसक्यूएफ लैब विद्यार्थियों को की समर्पित
गांव भद्दलवड़ के सरकारी स्कूल में 35 लाख रुपये की लागत से बनने वाली लाइब्रेरी का रखा नींव पत्थर
बरनाला, सच कहूँ/रवि गुरमा। Barnala News: लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक शिक्षा और आधुनिक कौशलों से जोड़ने के उद्देश्य से गांव झलूर के सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल में नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (एनएसक्यूएफ) लैब विद्यार्थियों को समर्पित की। इसके साथ ही उन्होंने गांव भद्दलवड़ के सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल में लाइब्रेरी के निर्माण का नींव पत्थर भी रखा। मीत हेयर ने बताया कि यह लैब करीब 13 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई है, जिसमें लगभग 2 लाख रुपये के आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस लैब की स्थापना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक और व्यावसायिक शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे स्कूल स्तर से ही विभिन्न क्षेत्रों में जरूरी कौशल हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धा के दौर में केवल अकादमिक शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के लिए तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक अनुभव और रोजगारपरक कौशलों की जानकारी भी बेहद जरूरी है। एनएसक्यूएफ लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार कौशल सीखने के अवसर मिलेंगे, जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और भविष्य में रोजगार व स्वरोजगार के रास्ते खुलेंगे।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी (सैकेंडरी) सुनीतइन्द्र सिंह, संबंधित स्कूलों के प्रिंसिपल, समस्त अध्यापक और गाँवों के गणमान्य लोग उपस्थित थे।
गाँव भद्दलवड़ के सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल में लाइब्रेरी निर्माण का नींव पत्थर रखते हुए मीत हेयर ने बताया कि यह लाइब्रेरी करीब 35 लाख रुपये की लागत से तैयार की जाएगी। लाइब्रेरी में विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएँ, आवश्यक सामान और विभिन्न विषयों से संबंधित ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध करवाई जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों को स्कूल में ही पढ़ाई और ज्ञान प्राप्त करने के लिए बेहतर माहौल मिल सके। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी किसी भी शिक्षण संस्थान का महत्वपूर्ण हिस्सा होती है। किताबें मनुष्य के ज्ञान में वृद्धि करने के साथ-साथ उसकी सोचने और समझने की क्षमता को भी विकसित करती हैं। यह लाइब्रेरी न केवल स्कूल के विद्यार्थियों, बल्कि गाँव के युवाओं के लिए भी ज्ञान का नया केंद्र बनेगी। इससे विद्यार्थियों में पढ़ने-लिखने की रुचि बढ़ेगी और वे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
Comments