महात्मा गांधी विश्वविद्यालय के 9वें दीक्षांत समारोह में उपमुख्यमंत्री ने मेडिकल विद्यार्थियों को दी डिग्रियां

6 मेधावी विद्यार्थियों को मिले गोल्ड मेडल

Published On

जयपुर (सच कहूँ/गुरजंट धालीवाल)। चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए डिग्री हासिल करना केवल शैक्षणिक सफर का पड़ाव नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की शुरुआत भी है। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने यह बात महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी, जयपुर के 9वें दीक्षांत समारोह में कही। समारोह के पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं दिया कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा सहित अन्य पेशों में सफलता का वास्तविक मूल्य लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने से तय होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग जनसेवा के लिए करने की प्रेरणा दी।

Diya-Kumari-in-MGU

313 विद्यार्थियों को प्रदान की गईं स्नातक उपाधियां

सच कहूँ सवांददाता के अनुसार दीक्षांत समारोह के पहले दिन विभिन्न शैक्षणिक संकायों के 313 विद्यार्थियों को स्नातक डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें चिकित्सा, दंत चिकित्सा, अस्पताल प्रशासन, फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी और नर्सिंग से जुड़े पाठ्यक्रम शामिल रहे। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले छह विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। पाठ्यक्रम के अनुसार एमबीबीएस के 139, बीएचए के 19, बीडीएस के 53, बीपीटी के 66 और बीओटी के 19 विद्यार्थियों ने उपाधियां प्राप्त कीं। अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों के 17 विद्यार्थी भी इस सूची में शामिल रहे।

ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा पर जोर

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री ए. राठौड़ ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ग्रामीण आबादी तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना, बीमारियों की रोकथाम के लिए जागरूकता बढ़ाना और चिकित्सा शिक्षा के स्तर में सुधार करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रख्यात न्यूरोसर्जन डॉ. भवानी शंकर शर्मा भी समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन-कम-चांसलर डॉ. विकास चंद्र स्वर्णकार ने की।

NAAC A+ रैंकिंग सहित संस्थागत उपलब्धियों की जानकारी दी

विश्वविद्यालय के संस्थापक डॉ. एम.एल. स्वर्णकार ने संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय को NAAC से A+ रैंकिंग प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त संस्थान ने JCI, NABH, NABL और नर्सिंग एक्सीलेंस से संबंधित मान्यताएं भी हासिल की हैं।

समारोह में विश्वविद्यालय की ओर से श्रीमती मीना स्वर्णकार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी आर.आर. सोनी, कुलपति डॉ. अचल गुलाटी, प्राचार्य डॉ. मनोज लखोटिया, डॉ. नरेंद्र पडियार, डॉ. प्रदीप पाइन, डॉ. शोभित स्वर्णकार, हरमन स्वर्णकार, जयाश्री स्वर्णकार, डॉ. सुधीर सचदेव, डॉ. बुशरा फिजा, डॉ. स्वाति गर्ग, डॉ. मणी सचदेव, डॉ. अशोक खंडाका और डॉ. एससी लोढ़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts