महज 17 घंटे के नवजात की महात्मा गांधी अस्पताल ने बचाई जिंदगी

30-40 रह गई थी दिल की धड़कन, डॉक्टरों ने लगाया पेसमेकर

Published On

जयपुर (सच कहूँ न्यूज)। हृदय की गंभीर बीमारी से जूझ रहे महज 17 घंटे के नवजात को पेसमेकर लगाकर नई जिंदगी देने का एक चुनौतीपूर्ण मामला सीतापुरा स्थित महात्मा गांधी अस्पताल में सामने आया है। जन्म के समय करीब 1.5 किलोग्राम वजन वाले इस बच्चे के दिल की धड़कन बेहद कम होकर 30 से 40 प्रति मिनट रह गई थी। सामान्य नवजात शिशु की तुलना में यह काफी कम थी और बच्चे के जीवन पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था। ऐसी स्थिति में डॉक्टरों की टीम ने जन्म के लगभग 17 घंटे के भीतर ही पेसमेकर लगाने की जटिल प्रक्रिया पूरी की।

अस्पताल के वरिष्ठ पीडियाट्रिक हार्ट सर्जन डॉ. सुनील कौशल ने बताया कि बच्चे के दिल की धड़कन धीमी होने की समस्या गर्भावस्था के दौरान ही पता चल गई थी। पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. प्रेरणा भट्ट ने गर्भ में ही बच्चे के दिल की विशेष जांच (फीटल इकोकार्डियोग्राफी) की थी। जांच में पता चला कि बच्चे के दिल में धड़कन नियंत्रित करने वाली प्राकृतिक विद्युत प्रणाली का समुचित विकास नहीं हुआ था। इसी कारण जन्म के बाद उसके दिल की धड़कन सामान्य से काफी कम थी। दवाइयों और इंजेक्शन से धड़कन बढ़ाने के प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद विशेष चिकित्सकीय निगरानी में प्रसव कराया गया।

डॉ. कौशल के अनुसार, नवजात का वजन बेहद कम था और उसकी रक्त वाहिकाएं भी बहुत छोटी व नाजुक थीं। ऐसे में पेसमेकर लगाना डॉक्टरों के लिए बड़ी चुनौती थी। पेसमेकर और उससे जुड़ी तार को सुरक्षित रखने के लिए ऑपरेशन के माध्यम से पेट में विशेष जगह बनाई गई। इसके बाद पेसमेकर प्रत्यारोपित किया गया। जन्म के महज 17 घंटे के भीतर पूरी की गई यह प्रक्रिया नवजात के लिए जीवनरक्षक साबित हुई।

पेसमेकर लगाए जाने के बाद बच्चे के दिल की धड़कन और सांस लेने की स्थिति में सुधार हुआ। अस्पताल में लगातार चिकित्सकीय निगरानी के दौरान उसका वजन में करीब 700 ग्राम बढ़ भी गया। डॉक्टरों के अनुसार, जन्मजात हृदय रोगों में समय पर पहचान और उचित उपचार बेहद महत्वपूर्ण है। आधुनिक चिकित्सा तकनीकों की मदद से अब नवजात शिशुओं के कई जटिल हृदय रोगों का उपचार भी संभव हो रहा है। इनमें कुछ स्थितियों में बिना ओपन हार्ट सर्जरी के भी उपचार किया जा सकता है। इस जटिल उपचार प्रक्रिया में डॉ. सुनील कौशल, डॉ. प्रेरणा भट्ट, डॉ. गौरव गोयल सहित अनुभवी तकनीकी विशेषज्ञों और नर्सिंग स्टाफ की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts