दुबई के अंतरराष्ट्रीय मंच पर गूंजा फिरोजाबाद का नाम

सहायक आयुक्त (खाद्य ) चंदन पांडे ने पेश किया भारतीय खाद्य सुरक्षा का मॉडल

Published On

फिरोजाबाद, सच कहूँ/विकास पालीवाल। Firozabad News: खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में फिरोजाबाद ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान दर्ज कराई है। जनपद के सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा चंदन पांडे ने दुबई में आयोजित 20वें अंतरराष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा सम्मेलन में प्रतिभाग कर भारतीय खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने पर महत्वपूर्ण प्रस्तुति दी। तीन दिवसीय सम्मेलन में दुनिया के विभिन्न देशों के 103 विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।

चंदन पांडे ने ऑनलाइन माध्यम से अपने अनुभव साझा करते हुए खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और नवाचार को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। सम्मेलन में उन्होंने भारतीय खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप निगरानी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। उनकी प्रस्तुति को ब्राजील, मिस्र, लेबनान और कतर समेत विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों ने सराहा। विकासशील देशों के प्रतिनिधियों ने भारतीय खाद्य सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अनुभवों और प्रयासों में विशेष रुचि दिखाई।

एआई के इस्तेमाल पर रहा विशेष जोर

चंदन पांडे ने बताया कि सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। इनमें डॉ. जूलियन, डॉ. बेरा, डॉ. सना सिद्दीकी और डॉ. स्टीफन सहित कई विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। सम्मेलन आयोजन समिति की सदस्य और खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञ बॉबी कृष्णा का भी शिकोहाबाद से पुराना संबंध रहा है। वर्तमान में वह यूएई की नागरिक हैं।

डीएम ने की प्रस्तुति की सराहना

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने चंदन पांडे की अंतरराष्ट्रीय मंच पर दी गई प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त अनुभवों और नई तकनीकों का लाभ स्थानीय स्तर पर भी मिलना चाहिए। इनके माध्यम से स्थानीय समस्याओं का समाधान करने के साथ खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में नए नवाचार विकसित किए जा सकते हैं।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts