Jodhpur Discom Theft: जोधपुर डिस्कॉम के एईएन कार्यालय में चोरी

अलमारी तोड़ लॉकर से रुपए पार, काले कोट में आया अज्ञात व्यक्ति सीसीटीवी में कैद

Published On

CCTV-AEN-Office जंक्शन स्थित जोधपुर डिस्कॉम के सहायक अभियंता कार्यालय में अज्ञात व्यक्ति ने सेंधमारी कर लॉकर में रखी करीब 80 से 81 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली। वारदात बुधवार अलसुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है। आरोपी कार्यालय में रखी अलमारी तोड़कर चाबी से लॉकर खोलकर नकदी ले गया। चोरी की घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सुबह सूचना मिलने पर जंक्शन थाना पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया।

सहायक अभियंता मुकेश शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 6.30 बजे कार्यालय में सफाई कार्य के लिए अनुबंधित कर्मचारी मुकेश कुमार पहुंचा तो मुख्य द्वार का ताला खुला मिला। अंदर जाकर देखने पर कार्यालय हॉल में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ था। उसने इसकी सूचना इलेक्ट्रीशियन इन्द्रजीत को दी। इसके बाद अधिकारियों को घटना की जानकारी मिली। शर्मा के अनुसार सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर अलसुबह करीब 2.50 बजे काले कोट में एक व्यक्ति कार्यालय में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है।

आरोपी ने पहले अलमारी तोड़ी और उसके बाद कार्यालय में रखी चाबी तलाशकर उससे लॉकर खोला। इसके बाद लॉकर में रखी करीब 80-81 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली। उन्होंने बताया कि मंगलवार को गुरुनानक देव जयंती के उपलक्ष्य में अवकाश होने के कारण कार्यालय में रखी नकदी बैंक में जमा नहीं करवाई जा सकी थी। कार्यालय में सुरक्षा के लिए गार्ड की व्यवस्था भी नहीं है। उन्होंने बताया कि जंक्शन थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने के लिए परिवाद प्रस्तुत किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts