Cyber ​​Fraud: करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़

गुरुग्राम से फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर से होती थी अमेरिका व कनाडा के नागरिकों से ठगी

Published On

गुरुग्राम,  सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा। Gurugram News: अमेरिका व कनाडा के नागरिकों को एपल कस्टमर सर्विस का प्रतिनिधि बनकर साइबर ठगी का शिकार बनाने वाले एक संगठित फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का गुरुग्राम पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने कॉल सेंटर से मौके पर 12 युवक व पांच युवतियों सहित 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 कंप्यूटर, छह लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन तथा साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं।

गुरुवार को पुलिस थाना साइबर अपराध दक्षिण गुरुग्राम की पुलिस टीम को अपने विश्वसनीय सूत्रों के माध्यम से एक सूचना मिली। बताया गया कि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड स्थित एम3एम डिजिटल ग्रीन बिल्डिंग में एक फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है। इस कॉल सेंटर के माध्यम से अमेरिका के नागरिकों को एपल कस्टमर सर्विस का प्रतिनिधि बनकर फोन एवं डिजिटल माध्यम से संपर्क करके साइबर ठगी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक दिनेश कुमार ने पुलिस टीम के साथ बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां 12 युवक व पांच युवतियां कंप्यूटर सिस्टम पर हेडफोन लगाकर अंग्रेजी भाषा में बातचीत करते हुए मिले। पुलिस द्वारा कॉल सेंटर के संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, कंपनी रजिस्ट्रेशन, पेमेंट के माध्यम, ग्राहकों एवं डेटा के स्रोत तथा टेलीकम्युनिकेशन लाइसेंस आदि के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन मौके पर मौजूद व्यक्ति कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

आरोपियों द्वारा फर्जी तरीके से संचालित कॉल सेंटर में काम करते हुए विदेशी लोगों से अपना परिचय एपल कस्टमर सर्विस का प्रतिनिधि के रूप में कराकर उन्हें तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी किए जाने पर इनके तथा कॉल सेंटर के संचालकों के खिलाफ पुलिस थाना साइबर अपराध दक्षिण में केस दर्ज किया गया। कॉल सेंटर से काबू किए गए सभी 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की शैक्षणिक योग्यता 12वीं कक्षा से लेकर ग्रेजुएशन तक है। उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच है।

अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं ठगी करने के आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में नितेश भारती निवासी जिला बलिया उत्तर प्रदेश, अनिमेश शर्मा निवासी शालीमार गार्डन गाजियाबाद, पैट्रिक रॉय निवासी कोलकाता, करण कुमार निवासी दिल्ली, एडी नगमलाई निवासी जिला तेनतिया हिल्स, मेघालय, आशीष निवासी जहांगीरपुरी दिल्ली, तुषार मेहता निवासी गाजियाबाद, सूरज बरुई निवासी फरीदाबाद, अंकुश कुमार निवासी इस्माइलपुर फरीदाबाद, रितिक प्रजापति निवासी हरि नगर दिल्ली, सुखदीप सिंह निवासी मंडावली दिल्ली, अनीस मलिक निवासी जिला अलीगढ़, जंगमलू पानमेई निवासी इंफाल वेस्ट मणिपुर, चुइमेनाओ शिंगलाई निवासी मणिपुर, लीमा कैथरीन निवासी दीमापुर, नागालैंड, सैयदा फरदौ मेहफी निवासी गांधी बस्ती, गुवाहाटी, शाजिया खान निवासी ऐशबाग लखनऊ शामिल हैं। फर्जी कॉल सेंटर में काम करने वाले इन आरोपियों को उनके काम के अनुसार करीब 30 हजार से 50 हजार तक मासिक सैलरी एवं कमीशन दिया जाता था।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts