Sports Award News: खिलाड़ी और कोच राष्ट्रीय खेल पुरस्कार से नवाजे गए, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया सम्मानित
दिव्या-तेजस्विन समेत 17 खिलाड़ियों को मिला अर्जुन अवॉर्ड
National Sports Awards 2025: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 प्रदान किए। इस अवसर पर देश के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों, अनुभवी प्रशिक्षकों और खेलों को प्रोत्साहन देने वाली संस्थाओं को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
इस साल अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर और शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख प्रमुख नाम रहे। इनके अलावा विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले 15 अन्य खिलाड़ियों को भी यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। तेजस्विन शंकर ने राष्ट्रमंडल खेलों में डेकाथलॉन प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल कर भारतीय एथलेटिक्स में नया इतिहास बनाया था। वह इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले देश के पहले खिलाड़ी बने।
वहीं, दिव्या देशमुख ने फिडे महिला विश्व कप 2025 का खिताब अपने नाम कर अंतरराष्ट्रीय शतरंज में भारत का गौरव बढ़ाया। वह यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। फाइनल में उन्होंने हमवतन दिग्गज खिलाड़ी कोनेरू हम्पी को रैपिड टाई-ब्रेक में 1.5-0.5 से पराजित किया था।
इन खिलाड़ियों को भी मिला अर्जुन पुरस्कार
अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित अन्य खिलाड़ियों की सूची में एथलीट मुहम्मद अजमल वरियाथोडी, रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी, मुक्केबाज नरेंद्र, शतरंज खिलाड़ी विदित संतोष गुजराती, पैरा शूटर धनुष श्रीकांत और रुद्रांश खंडेलवाल शामिल रहे। इसके अतिरिक्त हॉकी खिलाड़ी लालरेमसियामी ह्मार्जोर्ट और राजकुमार पाल, कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत और पूजा, पैरा एथलीट एकता भ्यान, रोवर अरविंद सिंह तथा निशानेबाज अखिल श्योराण को भी सम्मानित किया गया।
बैडमिंटन खिलाड़ी त्रिशा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद समारोह में शामिल नहीं हो सकीं। दोनों खिलाड़ी जापान मास्टर्स टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए जापान में थीं।
भारतीय फुटबॉल के अनुभवी खिलाड़ी इसायाह अरुमाइनयागम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) से नवाजा गया। यह सम्मान उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने खेल जीवन में उल्लेखनीय योगदान दिया हो और संन्यास के बाद भी खेलों के विकास एवं प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाई हो।
पांच कोचों को मिला द्रोणाचार्य पुरस्कार
खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने वाले प्रशिक्षकों के योगदान को भी समारोह में विशेष पहचान मिली। एथलेटिक्स कोच परवीर सिंह, बॉक्सिंग कोच छोटे लाल यादव और धर्मेंद्र सिंह यादव, शूटिंग कोच नेहा नंदकुमार चव्हाण तथा कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार ऐसे प्रशिक्षकों को दिया जाता है, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हैं।
साहसिक खेलों में उपलब्धियों के लिए चार हस्तियां सम्मानित
तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 के तहत भी विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वालों को सम्मानित किया गया। लैंड एडवेंचर श्रेणी में बलजीत कौर और स्कलजांग रिग्जिन, वॉटर एडवेंचर में रिमो साहा तथा लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में शिव प्रसाद चमोली को पुरस्कार मिला। यह सम्मान भूमि, जल और वायु आधारित साहसिक गतिविधियों के साथ-साथ जीवनभर के योगदान को मान्यता देता है। इसका उद्देश्य साहस, धैर्य, टीम भावना और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता को प्रोत्साहित करना है।
खेलों के विकास में संस्थागत योगदान के लिए पुणे स्थित आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल दलजीत सिंह ने राष्ट्रपति से यह सम्मान प्राप्त किया। यह पुरस्कार उन संस्थानों, कंपनियों और गैर-सरकारी संगठनों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खेल सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो।
चयन समिति की सिफारिशों पर घोषित हुए विजेताओं के नाम
राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के विजेताओं का चयन भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली समिति की सिफारिशों के आधार पर किया गया। खेल मंत्रालय ने 18 अगस्त को वर्ष 2025 के पुरस्कार विजेताओं की अंतिम सूची जारी की थी। चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों के आवेदन और उनकी उपलब्धियों का मूल्यांकन किया गया। समिति में प्रतिष्ठित खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता से जुड़े विशेषज्ञ और खेल प्रशासन के अनुभवी सदस्य शामिल थे।
इस बार राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह अपने सामान्य कार्यक्रम से एक साल से अधिक देरी से आयोजित हुआ। परंपरागत रूप से ये पुरस्कार हर साल 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर दिए जाते हैं। हालांकि, ओलंपिक, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों वाले वर्षों में समारोह की तारीख इन प्रतियोगिताओं के समापन और राष्ट्रपति सचिवालय के साथ विचार-विमर्श के आधार पर निर्धारित की जाती है।
Comments