Bribe: फतेहाबाद में जेई 15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

किसान से ढाणी में बिजली कनेक्शन जारी करने के बदले मांगी थी रिश्वत

Published On

फतेहाबाद, सच कहूँ/विनोद शर्मा। Fatehabad News: हरियाणा के फतेहाबाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की भिवानी टीम ने बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता (जेई) रतन लाल को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक किसान की ढाणी में बिजली कनेक्शन जारी करने की एवज में रिश्वत मांगी थी। गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम उसे अपने साथ ले गई, जहां पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, ढाणी खासा महाजन निवासी किसान ने बिजली कनेक्शन के लिए निगम में आवेदन किया था।

आरोप है कि गांव बड़ोपल स्थित बिजली निगम कार्यालय में तैनात जेई रतन लाल कनेक्शन जारी करने के बदले 15 हजार रुपये मांग रहा था। रिश्वत नहीं देने पर वह काम लटका रहा था। परेशान किसान ने इसकी शिकायत एसीबी से की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपों का सत्यापन किया। पुष्टि होने पर इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। वीरवार को शिकायतकर्ता किसान को केमिकल लगे 15 हजार रुपये देकर जेई के पास भेजा गया। जैसे ही उसने रिश्वत की रकम आरोपी को सौंपी, किसान के इशारा करते ही टीम ने कार्यालय में दबिश देकर जेई को रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी टीम ने मौके पर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रिश्वत की राशि बरामद की। आरोपी जेई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts