Bribe Case: ईएसआईसी इंस्पेक्टर और तहसील कार्यालय का कंप्यूटर ऑपरेटर रिश्वत लेते गिरफ्तार

हरियाणा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की दो जिलों में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई

Published On

हिसार/सोनीपत, सच कहूँ ब्यूरो,। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को हिसार और सोनीपत में दो सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। हिसार में ईएसआईसी इंस्पेक्टर आनंद कुमार को 30 हजार रुपये और सोनीपत में तहसील कार्यालय के कंप्यूटर आॅपरेटर मंजीत दहिया को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया। दोनों मामलों में आरोपित पहले ही 10-10 हजार रुपये वसूल चुके थे।

हिसार के औद्योगिक क्षेत्र स्थित ईएसआईसी कार्यालय में तैनात इंस्पेक्टर आनंद कुमार पर एक स्कूल कर्मचारी की बेटी के दाखिले का सत्यापन करने के बदले 40 हजार रुपये मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी 10 हजार रुपये पहले ले चुका था और शेष 30 हजार रुपये के लिए दबाव बना रहा था। शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। जिला कृषि अधिकारी सीताराम को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाया गया। जैसे ही आरोपी ने कार्यालय में 30 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

सोनीपत में दस्तावेज रोककर मांगे 20 हजार रुपये

सोनीपत के मिनी सचिवालय स्थित तहसीलदार कार्यालय में कंप्यूटर आॅपरेटर मंजीत दहिया पर जमीन की तकसीम की सनद तैयार करने और दस्तावेज लौटाने के बदले 30 हजार रुपये मांगने का आरोप है। गांव कुमासपुर निवासी जोगेंद्र के अनुसार, वह पहले ही 10 हजार रुपये दे चुका था। आरोप है कि आॅपरेटर ने शेष 20 हजार रुपये मिलने तक दस्तावेज अपनी दराज में रखे हुए थे। शिकायत पर रोहतक एसीबी की टीम ने ट्रैप लगाया और आरोपी को 20 हजार रुपये लेते गिरफ्तार कर लिया।

शिकायतकर्ता के जमीन संबंधी मामले में 23 अक्टूबर को अदालत का फैसला उसके पक्ष में आया था। हिसार मामले में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस थाना में केस दर्ज किया गया है। वहीं, सोनीपत मामले में एसीबी ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों मामलों में रिश्वत की मांग, पहले ली गई रकम और संबंधित दस्तावेजों की भूमिका की जांच की जा रही है। सोनीपत के आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts