Share Market Update: सोमवार को ये शेयर में आ सकती है बढ़ोत्तरी, जानिये

सोमवार को ये शेयर में आ सकती है बढ़ोत्तरी, जानिये

Published On

मुंबई (एजेंसी)। Stock Market News: घरेलू शेयर बाजारों में बीते सप्ताह दिग्गज कंपनियों में लिवाली के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर वैश्विक कारकों पर रहेगी और प्रमुख सूचकांकों में तेजी जारी रहने की उम्मीद है। गत सप्ताह विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की लिवाली के दम पर बाजार में जबरदस्त तेजी रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 2,327.26 अंक (2.85 प्रतिशत) चढ़कर 83,919.71 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 656.30 अंक यानी 2.61 प्रतिशत ऊपर 25,800.60 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों सूचकांकों का नौ महीने से अधिक का उच्चतम स्तर है।

दिग्गज कंपनियों में जहां लिवाली रही, वहीं वृहत बाजार में निवेशकों की रुचि ज्यादा नहीं रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 0.05 प्रतिशत का मामूली वृद्धि देखी गई जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.08 प्रतिशत टूट गया। अमेरिका में फेडरल रिजर्व के एक बार फिर ब्याज दर बढ़ाने की आशंका में विदेशों में शेयर बाजारों में जहां गिरावट है, वहीं निवेशक भारतीय शेयर बाजार का रुख कर रहे हैं। इसमें एआई कंपनियों से इतर निवेश की उनकी सोच भी एक कारक है।

घरेलू स्तर पर निफ्टी मेटल सूचकांक बीते सप्ताह तीन प्रतिशत और निफ्टी आईटी सूचकांक 1.9 प्रतिशत टूट गया। वहीं, बैंकिंग में करीब छह प्रतिशत की तेजी देखी गई। सीमेंट सेक्टर का सूचकांक 4.2 प्रतिशत, एफएमसीजी का 3.6 और आॅटो का 3.1 प्रतिशत चढ़ा। वित्त समूह में 2.9 फीसदी, तेल एवं गैस में दो फीसदी, रियल्टी में 1.9 फीसदी और स्वास्थ्य समूह में 1.4 फीसदी की साप्ताहिक तेजी रही। सेंसेक्स की 30 में से 22 कंपनियों के शेयर साप्ताहिक बढ़त में बंद हुए। मारुति सुजुकी का शेयर सबसे अधिक 8.64 प्रतिशत चढ़ा। एक्सिस बैंक में 8.60 प्रतिशत, भारतीय स्टेट बैंक में 7.82, अल्ट्राटेक सीमेंट में 6.85, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 6.16, कोटक महिंद्रा बैंक में 5.82, एचडीएफसी बैंक में 5.25 और आईटीसी में 5.19 प्रतिशत की तेजी रही।

पावरग्रिड का शेयर 4.21 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक का 3.60, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 3.48, ट्रेंट का 2.92, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 2.65, भारती एयरटेल का 2.33 और एशियन पेंट्स का 2.17 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त में रहा। बजाज फिनसर्व का शेयर 1.68 फीसदी, एलएंडटी का 1.50, एनटीपीसी का 0.63, अडानी पोर्ट्स का 0.48, बजाज फाइनेंस का 0.43, सन फार्मा का 0.22 और बीईएल का 0.01 प्रतिशत ऊपर रहा। टाइटन में 4.96 प्रतिशत, टाटा स्टील में 4.95 प्रतिशत इंफोसिस में 3.82 प्रतिशत और एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 2.88 प्रतिशत की साप्ताहिक गिरावट रही। टीसीएस का शेयर 1.45 फीसदी, टेक महिंद्रा का 1.33, इंडिगो का 0.35 और इटरनल का 0.14 प्रतिशत टूट गया।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts