घरेलू विवाद के बाद महिला व दो बच्चों की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत

मध्य प्रदेश के भोपाल के गांव की घटना

Published On

भोपाल (सच कहूँ/एजेंसी)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बाहरी इलाके में घरेलू विवाद के बाद कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन करने से 37 वर्षीय महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी। घटना शनिवार को भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के अरवलिया गांव में हुई। मृतकों की पहचान रुकसाना (37), उनकी बेटी रुकईया (12) और बेटे फैजल (8) के रूप में हुई है। तीनों ने शनिवार रात अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

भोपाल ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पंकज पांडेय के अनुसार, घटना से पहले रुकसाना का अपनी देवरानी के साथ घरेलू सामान को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद घर लौटने पर पति के साथ भी उनकी कहासुनी हुई। एसपी पंकज पांडेय ने बताया कि रुकसाना शनिवार सुबह अपनी देवरानी के घर कुछ घरेलू सामान मांगने गई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। घर लौटने के बाद इसी मुद्दे पर पति के साथ भी उनकी तीखी बहस हुई।

पुलिस के मुताबिक, रुकसाना के पति फईम खान गांव में पंचर बनाने की दुकान चलाते हैं। उनके छोटे भाई का परिवार उनके घर के पास ही रहता है। विवाद के बाद फईम अपनी दुकान पर चले गए। इसके बाद रुकसाना बच्चों के स्कूल पहुंचीं और निर्धारित छुट्टी से पहले ही उन्हें घर ले आईं।

एसपी के अनुसार, घर पहुंचने के बाद महिला ने कथित तौर पर घर के दोनों दरवाजे अंदर से बंद कर लिए और जहरीले पदार्थ का सेवन किया। आरोप है कि उन्होंने बच्चों को भी जहरीला पदार्थ खिलाया। शनिवार शाम तीनों की हालत बिगड़ने पर परिजन घबरा गए। पड़ोसियों की मदद से उन्हें गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान शनिवार रात तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि रविवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले की जांच जारी है और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts