Municipal Corporation Elections: पटियाला में शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ 30 वार्डों का नगर निगम चुनाव

पुलिस के कड़े सुरक्षा प्रबंध, पिछले चुनावों से बिल्कुल अलग नजर आया माहौल, विभिन्न पार्टियों ने किए जीत के दावे

Published On

पटियाला, सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर। Patiala News: सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद नगर निगम पटियाला के 30 वार्डों में हुए चुनाव कुछ जगहों पर आपसी तीखी बहस की घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गए। सबसे बड़ी बात यह रही कि इस बार पिछले नगर निगम चुनावों के मुकाबले माहौल बिल्कुल अलग था और लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते नजर आए। इस दौरान मतदान प्रतिशत काफी कम रहा, जो मतदाताओं के धीमे उत्साह को दर्शाता है। इस बीच आम आदमी पार्टी के विधायक के करीबी पर एक बच्चे को थप्पड़ मारने के आरोप लगे, जिसका भाजपा नेता जयइन्द्र कौर और विधायक चेतन जौड़ामाजरा ने विरोध किया।

जानकारी के अनुसार 30 वार्डों में हुए चुनाव के दौरान जब विभिन्न वार्डों का दौरा किया गया तो सामने आया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद पुलिस की ओर से कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। सत्ताधारी पक्ष के प्रतिनिधियों में भी अदालत के आदेशों का डर साफ दिखाई दे रहा था। मतदाताओं ने लाईनों में लगकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। शहर के वार्ड नंबर 33 में भाजपा नेता जयइन्द्र कौर और आप उम्मीदवार दविन्द्र पाल मिकी के बीच तीखी बहस हुई। मिकी ने कहा कि यहाँ बाहरी लोग आकर चुनाव को प्रभावित कर रहे हैं, जबकि बीबी जयइन्द्र कौर ने कहा कि ये वार्ड के लोग हैं और अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अपनी हार बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।

इसके अलावा वार्ड नंबर 44 में अकाली नेताओं ने आम आदमी पार्टी पर कथित तौर पर गुंडागर्दी करने के आरोप लगाए। यहाँ अकाली उम्मीदवार सहजपाल के समर्थन में अकाली नेता एनके शर्मा और सरबजीत सिंह झिंजर ने चेतावनी दी कि सरकार का अब केवल एक माह है और गुंडागर्दी करने वाले तथा करवाने वाले परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें। इसी तरह वार्ड नंबर 48 में भी भाजपा नेता निखिल कुमार काका ने सत्ताधारी पक्ष पर मतदाताओं को धमकाने के आरोप लगाए। वार्ड नंबर 46, 38 और 41 में भी कुछ हंगामा हुआ, लेकिन पुलिस ने कड़ी निगरानी बनाए रखी। इस दौरान देखने में आया कि किसी भी पुलिस अधिकारी ने सत्ताधारी पक्ष का समर्थन नहीं किया, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का दबाव साफ था। हलका पटियाला शहरी के अधीन 21 वार्डों, हलका पटियाला ग्रामीण के अधीन 8 वार्डों और हलका सनौर के अधीन एक वार्ड में मतदान हुआ।

15 वर्षीय बच्चे को मारा थप्पड़

इस दौरान भाजपा नेता बीबी जयइन्द्र कौर और हलका समाना के विधायक चेतन जौड़ामाजरा ने आम आदमी पार्टी के विधायक अजीतपाल सिंह कोहली के करीबी पर वार्ड नंबर 48 में एक 15 वर्षीय बच्चे को थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए इसकी निंदा की। इस दौरान विधायक के करीबी द्वारा उक्त बच्चे को पकड़ने और उसके साथी द्वारा थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बीबी जयइन्द्र कौर और चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने कहा कि बच्चे पर हाथ उठाना कैसी बहादुरी है। उन्होंने कहा कि यह बच्चा भाजपा समर्थक है और इस संबंध में वे चुनाव आयोग को शिकायत करेंगे।

मोती महल और विधायक कोहली की साख दांव पर

इन चुनावों में आप के शहरी विधायक अजीतपाल सिंह कोहली की साख दांव पर लगी हुई है। कोहली की ओर से शहर के विभिन्न वार्डों में दौरे किए गए। वहीं हलका ग्रामीण के अधीन आने वाले वार्डों में मंत्री डॉ. बलबीर सिंह नजर नहीं आए। दूसरी ओर भाजपा की तरफ से पूर्व सांसद परनीत कौर और महिला प्रधान जयइन्द्र कौर ने शहर में पूरी ताकत झोंक दी। इसके साथ ही कांग्रेस नेता एवं पूर्व एडीजीपी गुरिंदर ढिल्लों, पूर्व मेयर संजीव बिट्टू और प्रधान नरेश दुग्गल ने भी जोर लगाया। ग्रामीण क्षेत्र में अकाली दल के इंचार्ज बिट्टू चट्ठा सहित अन्य अकाली नेता भी डटे रहे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts