शिक्षा और रोजगार
Manju Ranwa News: डिस्ट्रिक्ट पार्क को मिलेगा नया रूप, पांच आकर्षक स्टेच्यु बढ़ाएंगे सुंदरता
सभापति मंजू रणवां ने किया पार्क का निरीक्षण, खामियां दूर करने और नया बड़ा गेट व कैंटीन बनाने के दिए निर्देश
Municipal Council Development: हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। नगर परिषद सभापति मंजू रणवां ने जनप्रतिनिधियों के साथ डिस्ट्रिक्ट पार्क का निरीक्षण कर वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान वार्ड पार्षद अंजू चौधरी, पूर्व सभापति सुमित रणवां और पूर्व पार्षद राजेन्द्र चौधरी भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने पूरे पार्क का भ्रमण कर व्यवस्थाएं देखीं तथा मौके पर मिली खामियों को दुरुस्त करने के लिए नगर परिषद के सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पार्क में स्थापित किए जाने वाले स्टेच्यु के लिए स्थान भी चिह्नित किए गए। नगर परिषद को वेस्ट वस्तुओं से निर्मित पांच स्टेच्यु मिले हैं, जिन्हें डिस्ट्रिक्ट पार्क में लगाया जाएगा। इनमें हाथी, घोड़े, चिम्पांजी, शेर और मोर के स्टेच्यु शामिल हैं।
खास बात यह है कि इन सभी को टायरों सहित अन्य खराब वस्तुओं से तैयार किया गया है। इनकी स्थापना से पार्क की सुंदरता बढ़ेगी। नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि सुमित रणवां ने बताया कि पूर्व में डिस्ट्रिक्ट पार्क में ट्यूबवैल से पानी की आपूर्ति होती थी, जिसके कारण घास और पेड़-पौधों को अपेक्षित हरियाली नहीं मिल पा रही थी। अब नगर परिषद का एसटीपी चालू हो चुका है और वहां से ट्रीट किया हुआ पानी पार्क में पहुंचाया जा रहा है। पार्क के पौधों और हरियाली के लिए पानी की सुचारू आपूर्ति शुरू होने से घास और पेड़-पौधों का विकास बेहतर होगा।

उन्होंने बताया कि ग्रेफ चौराहे पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चलने के कारण बाइपास की तरफ स्थित पुराने गेट से आवागमन कम होने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस लाइन के सामने पूर्वांचलवासियों के लिए बने घाट के पास पहले से बने छोटे गेट के स्थान पर बड़ा गेट बनाया जाएगा। इस संबंध में ठेकेदार को बुलाकर सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। गेट के बाहर एक कैंटीन का निर्माण भी करवाया जाएगा, जिससे पार्क में आने वाले लोगों को सुविधा मिल सकेगी। सभापति ने इन्हीं विकास कार्यांे और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पूरे पार्क का निरीक्षण किया।
Comments