Traffic Challan: प्रेशर हॉर्न, बिना नंबर प्लेट और इंडीकेटर के दौड़ रही मॉडिफाइड बाइक पकड़ी

ग्रेफ चौराहे पर यातायात पुलिस की कार्रवाई, एमवी एक्ट में काटा चालान

Published On

हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यातायात पुलिस ने सोमवार को जंक्शन के अबोहर मार्ग स्थित ग्रेफ चौराहे पर नाकाबंदी कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। इस दौरान वाहन चालकों को नियमों की पालना करने के लिए समझाइश भी की गई।

कार्रवाई के दौरान पंजाब की तरफ से फल आदि लेकर आ रहे एक युवक की मॉडिफाइड बाइक पुलिस के हत्थे चढ़ी। बाइक पर बड़े-बड़े प्रेशर हॉर्न लगे हुए थे, जबकि इंडीकेटर तक नहीं थे। बाइक के आगे-पीछे नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी। यातायात पुलिस ने बाइक को रुकवाकर चालक को यातायात नियमों की जानकारी दी। उसे समझाया गया कि दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल करें, प्रेशर हॉर्न से आमजन को परेशानी होती है और वाहन को उसके मूल स्वरूप में ही रखें।

यातायात शाखा के एएसआई रामदयाल गोदारा ने बताया कि उक्त बाइक चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस की ओर से 21 से 30 नवम्बर तक सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी चालान किए जा रहे हैं। बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों को रोककर समझाइश की जा रही है।

बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। गोदारा ने बताया कि कुछ दुपहिया वाहन चालक चालान से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे मामलों की पूरी जांच की जाती है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों पर आगे और पीछे हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाएं तथा बाइक के मूल स्वरूप में किसी तरह का बदलाव नहीं करवाएं। सड़क पर चलते समय यातायात नियमों की पालना करें। शराब पीकर और तेज गति से वाहन न चलाएं तथा गलत तरीके से ओवरटेक करने से बचें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की पालना से सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ ही अनमोल जीवन को भी सुरक्षित रखा जा सकता है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts