कालांवाली में संदिग्ध परिस्थितियों में दो युवकों की मौत
दोनों युवक थे अविवाहित, ग्रामीणों के अनुसार नशे के आदी थे, पुलिस ने कहा अभी तक नशे से जुड़ी कोई बात सामने नहीं आई
ओढ़ां, 28 नवंबर (सच कहूँ/राजू)। Kalanwali 2 Youth Death: कालांवाली गांव में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में दो युवकों की मौत होने का मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय सुखविंदर सिंह और 24 वर्षीय राकेश कुमार के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और अविवाहित थे। ग्रामीणों के अनुसार दोनों युवक नशे के आदी थे और उनकी मौत के पीछे नशे की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक नशे के कारण मौत होने की पुष्टि नहीं की है।
ग्रामीणों के मुताबिक राकेश कुमार को नशे की लत से छुटकारा दिलाने के लिए पंचायत और ग्रामीणों ने मिलकर उसका नशा मुक्ति केंद्र में उपचार भी करवाया था, लेकिन कुछ समय बाद उसने दोबारा नशा करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था और शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गई। राकेश के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वहीं दूसरा युवक सुखविंदर सिंह भी ग्रामीणों के अनुसार नशे का आदी था। बताया जाता है कि शुक्रवार रात उसकी भी मौत हो गई। एक ही गांव के दो युवकों की कम उम्र में मौत होने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। गौरतलब है कि 22 नवंबर को कालांवाली में आयोजित यूथ मैराथन के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया था। इसके कुछ ही दिनों बाद दो युवकों की मौत की घटना सामने आने से क्षेत्र में नशे की समस्या को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। थाना प्रभारी अवतार सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों की ओर से अभी तक कोई शिकायत नहीं दी गई है। फिलहाल मौत के पीछे नशे से संबंधित कोई बात भी सामने नहीं आई है।
Comments