‘धन धन सतगुरु तेरा ही आसरा’ का नारा मंजूर
‘धन धन सतगुरु तेरा ही आसरा’ का नारा मंजूर
आपजी को अपने मुर्शिद पर अटूट विश्वास था। पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज ने एक बार आपजी की सेवा, सुमिरन और सतगुरु के प्रति अटूट विश्वास को देखते हुए फरमाया, ‘‘मस्ताना शाह का भजन-सुमिरन यदि तराजू के एक पलड़े में रखा जाए और सारी दुनिया का भजन दूसरे पलड़े में रखा जाए तो मस्ताना शाह वाला पलड़ा भारी रहेगा।’’ आपजी अपने मुर्शिद की खुशी और मस्ती में आकर बोलते, ‘मेरे सोहणे मक्खन-मलाई पीर दाता सावन शाह, तू ही मेरा निरंकार, तू ही मेरा सब कुछ है। धन-धन सावन शाह जी निरंकार, तेरा ही आसरा।’ वहाँ के कुछ सेवादारों ने इस बात पर आपत्ति जताई कि पूजनीय बेपरवाह शाह मस्ताना जी महाराज पारंपरिक नारा क्यों नहीं बोलते। उन्होंने यह बात पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज के सामने रखी। जब पूजनीय बाबा जी ने शाह मस्ताना जी महाराज से इस बारे में पूछा तो आपजी ने अत्यंत विनम्रता से कहा, ‘‘हे सच्चे पातशाह जी, हमने तो राधा स्वामी को नहीं देखा। हमने तो केवल आपको देखा है। जो देखा है, वही बोलते हैं। धन-धन दाता सावन शाह निरंकार, तेरा ही आसरा।’’
आप जी ने कई उदाहरण देकर समझाया कि सभी पीर-फकीरों ने अपने मुर्शिद के गुण गाए हैं। हमारे लिए तो आपजी ही सच्चे खुदा हैं। हम तो सावण शाह जी को ही धन-धन कहेंगे। कहें भी क्यों ना। यदि कोई व्यक्ति किसी का दबा हुआ खजाना निकालकर देता है तो वह खजाना निकालने वाले का धन्यवाद करेगा या किसी और का? इस पर पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज ने आपजी पर रहमत भरी दृष्टि डालते हुए फरमाया, ‘‘मस्ताना शाह, बहुत ऊंचा कलाम है तेरा। कोई शब्दों के पीछे पड़ गया, कोई सुमिरन के, कोई रोशनी के पीछे, लेकिन हमें किसी ने नहीं पहचाना। कोई नसीबों वाला हो तो समझे। मस्ताना शाह, तू बहुत बड़े नसीबों वाला है। हम देह स्वरूप हैं। इस तरह बोलने से काल सड़ जाएगा। तु धन धन दाता सावण शाह निरंकार तेरा ही आसरा के बजाय सर्वसांझा नारा ‘‘धन-धन सतगुरु तेरा ही आसरा’’ बोला कर। उसी दिन से आपजी ने अपने सतगुरु के हुक्मानुसार ‘‘धन-धन सतगुरु तेरा ही आसरा’’ का नारा बोलना शुरू कर दिया।
Comments