सावणशाही मौज की बख्शिश

जो जीव वचनों पर पक्का रहेगा, दृढ़ विश्वास रखेगा और सुमिरन करेगा, उसे अंदर-बाहर किसी चीज की कमी नहीं रहेगी

Published On

पूजनीय बेपरवाह सार्इं शाह मस्ताना जी महाराज ने अपना सब कुछ अपने सतगुरु पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज के चरणों में अर्पित कर दिया था। बेपरवाह शाह मस्ताना जी महाराज का अपने मुर्शिद से इतना प्रेम कि उनके प्रेम और वैराग्य में आपजी की आँखों से हर समय आंसू बहते रहते थे। जब भी आपजी को दर्शन हो जाते तो मस्ती में आकर खूब नाचते थे। आपजी के प्रेम और दृढ़ विश्वास को देखकर पूजनीय बाबा सावन सिंह जी महाराज ने हुक्म फरमाया, ‘‘मस्ताना शाह, तुम बागड़ में जाओ और वहाँ जाकर राम नाम का डंका बजाओ। लोगों को सच (प्रभु-परमात्मा) से परिचित करवाओ और रूहों को इस भवसागर से पार लगाकर परोपकार करो।’’ पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज ने वचन फरमाए, ‘‘हे मस्ताना शाह, हमने तुम्हें सभी काम करने वाला जिंदाराम दिया है, अपना स्वरूप दिया है। तुम्हें वह राम बख्श दिया है, जो किसी और को नहीं दिया। जाकर दुनिया को बेधड़क होकर नाम जपाओ। जो मांगना है, वो मांग लो।

हम दोनों हाथों से खुले दिल से देंगे।’’ आपजी ने अपने प्यारे मुर्शिद के चरणों में विनती की, ‘‘हे सार्इं जी, यह शरीर ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है। हम केवल सिंधी भाषा जानते हैं। लोग हमारी भाषा कैसे समझेंगे? सार्इं जी, धुर के मार्ग में बहुत उतार-चढ़ाव हैं। कहीं अभ्यासी इनमें ही न उलझ जाएँ। आपजी जिस क्षेत्र में भेज रहे हैं, वह बहुत गरीब है। वहाँ के लोगों का ध्यान राम नाम की बजाय रोजी-रोटी कमाने पर रहेगा।’’ पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज ने आपजी पर रहमत भरी दृष्टि डालते हुए फरमाया, ‘‘मस्ताना शाह, तुम्हें ऐसी शक्ति दी है कि तुम्हारी आवाज मालिक की आवाज होगी। दुनिया तुम्हारी आवाज की आशिक होगी। जो लोग नाम-शब्द लेंगे, आप जी की मांग के अनुसार उनका एक पैर यहांँ और दूसरा सचखंड में होगा। यदि जीव सच्चे मन से सुमिरन करेगा तो उसे रास्ते में कोई रुकावट नहीं आएगी। जो जीव वचनों पर पक्का रहेगा, दृढ़ विश्वास रखेगा और सुमिरन करेगा, उसे अंदर-बाहर किसी चीज की कमी नहीं रहेगी।

हे मस्ताना शाह, आप जी का हर वचन हमें मंजूर है।’’ पूजनीय बेपरवाह सार्इं शाह मस्ताना जी महाराज ने पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज के सामने अरदास की, ‘‘सार्इं जी, हम कोई नया धर्म नहीं चलाना चाहते। हम ‘धन-धन सतगुरु तेरा ही आसरा’ का नारा बोलना चाहते हैं, ताकि हर कोई अपने मालिक (मुर्शिद) का गुणगान करे।’’ इस पर दाता सावण सिंह जी महाराज ने फरमाया, ‘‘अच्छा मस्ताना, तेरी मौज। तुम्हें ‘धन-धन सतगुरु तेरा ही आसरा’ का नारा मंजूर किया। यह नारा केवल सारी दुनिया में ही नहीं, बल्कि दोनों जहानों में काम करेगा।’’ पूजनीय मुर्शिद का हुक्म पाकर आप जी सरसा आ गए और वे कुटिया बनाकर भजन-सुमिरन करने लगे। एक दिन पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज आप जी की कुटिया में पधारे।


     पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज ने अपनी रहमत भरी दृष्टि डालते हुए फरमाया, ‘‘तुमने मालिक को पा लिया है। मातृलोक में से रूहों को तारने का काम तुम्हारे जिम्मे है। इस रूहानी काम के लिए सतगुरु के हुक्मानुसार आप जी को सवा रुपये की ताकत (सवा गुना) दी है। ये रहमतें कभी समाप्त नहीं होंगी। सत्संग लगाओ और रूहों को तारो।’’ पूजनीय बाबा सावण सिंह जी के हुक्मानुसार आप जी ने वर्ष 1948 में सरसा शहर के बाहर बेगू रोड पर डेरा सच्चा सौदा (शाह मस्ताना शाह सतनाम जी धाम, डेरा सच्चा सौदा) की स्थापना की। आपजी ने लगातार 12 वर्षों तक गाँव-गाँव और शहर-शहर सत्संग करके लोगों को नाम-शब्द की दात बख्शी और भवसागर से पार होने का तरीका बताया। आपजी ने लोगों को राम नाम जपने, हक-हलाल की कमाई करके खाने, जात-पात के भेदभाव को त्यागने, प्रभु-परमात्मा के नाम पर फैलाए जा रहे भ्रमों से दूर रहने, नफरत और ईर्ष्या से बचने, जरूरतमंदों की सहायता करने, नशा, मांसाहार और हरामखोरी छोड़ने तथा आदर्श जीवन जीने का संदेश दिया। आपजी ने पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में काफी डेरों का निर्माण करवाया। वर्ष 1960 में आपजी ने चोला बदलने से लगभग दो महीने पहले पूजनीय परम पिता शाह सतनाम सिंह जी महाराज को गुरगद्दी सौंपकर डेरा सच्चा सौदा का रूहानी वारिस बनाया। पूजनीय परम पिता शाह सतनाम सिंह जी महाराज ने पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के गाँवों तथा शहरों में सत्संग फरमाकर लोगों को सीधी-सादी प्रचलित भाषा में समझाया और परमात्मा के सच्चे नाम से जोड़ा। आप जी ने करीब 12 लाख से अधिक जीवों को गुरूमंत्र-नामदान देकर परमात्मा की प्राप्ति का तरीका बताया और आदर्श जीवन जीने की सीख दी। पूजनीय परम पिता शाह सतनाम सिंह जी महाराज ने 23 सितंबर 1990 को पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां को गुरगद्दी की बख्शिश करते हुए फरमाया, ‘‘हम थे, हम हैं और हम ही रहेंगे।’’

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts