Narendra Modi News: जब नरेंद्र मोदी ने कच्छ में भूकंप से तबाह गुरु नानक देव जी के पवित्र स्थल का किया पुनर्निर्माण
प्रकाश पर्व पर PM मोदी ने गुरु नानक देव जी को किया नमन
Guru Nanak Dev Ji Prakash Parv: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए गुरु साहिब की शिक्षाओं को मानवता के लिए अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन और उनके विचार आज भी पूरी दुनिया को प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे की राह दिखाते हैं। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश साझा किया। इसमें उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के विचारों को अपनाकर ऐसा समाज बनाया जा सकता है, जहां करुणा, आपसी सम्मान और सबके कल्याण को प्राथमिकता मिले।
गुरु साहिब की शिक्षाएं पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा : मोदी
पीएम मोदी ने अपने संदेश के साथ एक वीडियो भी साझा किया। इसमें उन्होंने गुरु नानक देव जी के विचारों की वैश्विक प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने अपने जीवन के माध्यम से सादगी, निस्वार्थ सेवा, सत्य और सद्भाव का रास्ता दिखाया। उनके विचार किसी एक क्षेत्र या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। प्रधानमंत्री ने सिख समुदाय की सेवा परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में सिख भाई-बहन जरूरतमंदों की सहायता और मानव कल्याण के कार्यों के माध्यम से गुरु साहिब की शिक्षाओं को आगे बढ़ा रहे हैं।
कच्छ के ऐतिहासिक लखपत गुरुद्वारे का भी किया जिक्र
प्रकाश पर्व के मौके पर 'मोदी आर्काइव' ने गुजरात के कच्छ स्थित ऐतिहासिक लखपत गुरुद्वारे से जुड़ी पुरानी यादें भी साझा कीं। इस पोस्ट में बताया गया कि वर्ष 2001 में आए विनाशकारी भूकंप के दौरान यह पवित्र स्थल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। उस समय नरेंद्र मोदी ने इसके ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए इसके पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। लखपत गुरुद्वारा गुरु नानक देव जी की यात्राओं और उनकी स्मृतियों से जुड़ा हुआ है। यहां आज भी गुरु साहिब की पादुकाएं सुरक्षित रखी गई हैं। मान्यता के अनुसार, सिंध की यात्रा के दौरान गुरु नानक देव जी का इस स्थान से विशेष जुड़ाव रहा था।

भूकंप के बाद पुराने स्वरूप में कराया गया पुनर्निर्माण
मोदी आर्काइव की ओर से साझा किए गए वीडियो में प्रधानमंत्री के पुराने संबोधन के अंश भी शामिल हैं। इसमें उन्होंने बताया था कि लखपत गुरुद्वारा केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि गुरु नानक देव जी से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत है। भूकंप से हुए नुकसान के बाद इसे पुराने स्वरूप में दोबारा तैयार कराने का प्रयास किया गया। प्रधानमंत्री ने इस विरासत के संरक्षण को मानवता की साझा धरोहर से जोड़ते हुए इसके महत्व का उल्लेख किया। लखपत गुरुद्वारे का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व इसे देश की प्रमुख विरासत स्थलों में विशेष स्थान दिलाता है।
Comments