जितना समय पंजाब में ‘आप’ की सरकार रहेगी, भलाई योजनाएं जारी रहेंगी: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

आने वाले चुनावों में लोग उनको जड़ से उखाड़ देंगे, जिन्होंने सालों तक पंजाब को लूटा – मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

Published On

शाहकोट (जालंधर) । मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दोहराया कि जितना समय पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार सत्ता में रहेगी, उतना समय औरतों के लिए मुफ्त बस सफर और 1,000 रुपए मासिक वित्तीय सहायता, 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त बिजली समेत सभी लोक भलाई गारंटियां जारी रहेंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोक भलाई और विकास उनकी सरकार की मुख्य प्राथमिकताएं हैं। जालंधर के गांव दोनेवाल में ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल को पंजाब में उनके कार्यकाल को लेकर चुनौती देते हुए कहा कि जिन पार्टियों ने दशकों तक प्रदेश पर राज किया और जिनके राज में नशे का कारोबार फैला, वही पार्टियां अब बदलाव के वादे कर रही हैं।

पारदर्शी सरकारी भर्ती, भलाई पहलों और चल रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब तरक्की के रास्ते पर चल पड़ा है और उन्होंने लोगों को इस रफ्तार को आपस में मिलकर तेज करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिन्होंने सालों तक प्रदेश की लूट की है, उन्हें आने वाले चुनावों में लोगों के सवालों का सामना करना पड़ेगा।

‘लोक मिलनी’ के दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “इन पार्टियों ने अपने राज के दौरान प्रदेश और इसके संसाधनों को अंग्रेजों से भी अधिक बेरहमी से लूटा है। ये अपने पापों के लिए किसी रहम के हकदार नहीं हैं क्योंकि इन्होंने प्रदेश और इसके लोगों की पीठ में छुरा मारा है, जो कि अक्षम्य अपराध है। अकालियों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी का पाप किया था और बदकिस्मती से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी इनके हाथों की कठपुतली से अधिक कुछ नहीं है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “हर कोई जानता है कि अकालियों का एक परिवार अंग्रेजों का पिट्ठू था और देश के लिए लड़ने वाले देशभक्तों के खिलाफ अंग्रेजों से सांठ-गांठ करने के बदले उन्हें ‘सर’ की उपाधि से नवाजा गया था। इस परिवार ने 13 अप्रैल 1919 को जलियांवाला बाग के साके के मुख्य दोषी जनरल डायर को इस घिनौने कांड के बाद रात के खाने की मेजबानी करके सम्मानित किया था। इस कार्रवाई ने उनकी देश विरोधी और पंजाब विरोधी मानसिकता और चरित्र को बेनकाब कर दिया था। इस परिवार ने उन लाखों आजादी के सेनानियों से गद्दारी की थी, जो अंग्रेजों के खिलाफ डटे हुए थे।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत 1 जुलाई से 18 साल से अधिक उम्र की हर लाभार्थी महिला को अपने मोबाइल फोन पर 1,000 रुपए और अनुसूचित जाति की महिलाओं के मामले में 1,500 रुपए की वित्तीय सहायता के बारे में संदेश मिल रहे हैं। फंड सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर किए जा रहे हैं और पहले से सामाजिक सुरक्षा पेंशन ले रही महिलाएं भी इसके लिए योग्य हैं। पंजाब की लगभग 97 फीसदी महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है और पहली दिसंबर को फिर मोबाइलों पर संदेश मिलेंगे।”

उन्होंने कहा, “आप सरकार ने शिक्षा को प्राथमिकता दी है और लोगों का जीवन स्तर बदलने के लिए शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी पहल की हैं। कोई भी मुफ्त सुविधा या रियायती कार्ड प्रदेश से गरीबी या अन्य सामाजिक बुराइयों को खत्म नहीं कर सकते, बल्कि शिक्षा ही वह कुंजी है, जो लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठाकर उन्हें इस चक्र से निकाल सकती है। इसी कारण हमारी सरकार आम लोगों को अधिक अधिकार देने के लिए शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए अथक प्रयास कर रही है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब ने शिक्षा के क्षेत्र में केरल और अन्य प्रदेशों को पीछे छोड़ दिया है, जो प्रदेश सरकार की कड़ी मेहनत का नतीजा है, जिसमें शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम, ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ और अन्य प्रयास शामिल हैं। 2021 में सरकारी स्कूलों के सिर्फ 80 छात्रों ने प्रतिष्ठित नीट परीक्षा पास की थी, लेकिन इस साल 2026 में यह संख्या 11 गुना बढ़कर 882 हो गई है। यही हमारे शासन का दूसरों से फर्क है।”

कृषि की महत्ता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “मेरी सरकार के सत्ता संभालने से पहले पंजाब में नहर के पानी का उपयोग लगभग 22 फीसदी था, जो अब बढ़कर लगभग 85-86 फीसदी हो गया है। सरकार इस आंकड़े को 90 फीसदी तक ले जाने के लिए काम कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसानों को सिंचाई के लिए अधिक से अधिक नहर का पानी मिले।”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दावा किया, “इस साल पंजाब द्वारा राष्ट्रीय पूल में लगभग 200 लाख मीट्रिक टन धान का योगदान देने की उम्मीद है, जो पहले के 180 लाख मीट्रिक टन के अनुमानित उत्पादन से अधिक है और यह बेहतर सिंचाई सुविधाओं के लाभों को दर्शाता है।”

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts