Anmol Vachan: सबसे पहले किसकी सेवा करनी चाहिए? पूज्य गुरु जी ने बताया सबसे बड़ा नियम
भूखे को भोजन, प्यासे को पानी और बीमार की मदद
सच्चे रूहानी रहबर पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां (Saint Dr. Gurmeet Ram Rahim Singh Ji Insan) फरमाते हैं कि जो परमार्थ करते हैं, दूसरों के काम आते हैं, वो भाग्यशाली जीव होते हैं। इन्सान को गुरु, पीर-फकीर जिस सेवा के लिए कहें, वही सेवा करनी चाहिए। गुरु कहता है कि सबसे पहले अपने घर से शुरुआत करो। आपके बुजुर्ग माता-पिता की सेवा करो। अगर आप अपने घर से सेवा की शुरुआत नहीं करते, तो दीये तले अंधेरा वाली बात हो जाती है।
पूज्य गुरु जी फरमाते हैं कि कई बार आपके बुजुर्ग मां-बाप ऐसे बीमार हो जाते हैं कि चारपाई पर ही टट्टी-पेशाब करने लगते हैं, तो आप उनसे नफरत करने लगते हैं, लेकिन यह भूल जाते हैं कि किसी समय उन्होंने भी आपका टट्टी-पेशाब उठाया था, उन्होंने तो कोई संकोच नहीं किया था। इसलिए बुजुर्गों का टट्टी-पेशाब उठाने में कोई संकोच न करें, बल्कि उनकी सेवा करना आपका फर्ज है। तो भाई, घर से सेवा शुरू करो, उसके बाद आस-पास कोई भी बीमार है उसका इलाज करवाओ, भूखा है तो खाना खिलाओ, प्यासे को पानी पिलाओ, हो सके तो विद्यादान करो, मरणोपरांत आंखें दान करो, जीते-जी खूनदान करो।
ये ऐसे दान हैं, जो मालिक की दरगाह में बहुत जल्दी कबूल होते हैं। दीन-दुखियों की मदद के लिए जो सेवा चलती है, उसमें कोई जीव बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता है तो उस पर मालिक की दया-मेहर खूब बरसती है। धर्मों के अनुसार गुरु जो कहे वो सेवा अति उत्तम है। सुमिरन का फल मिलने में समय लग सकता है, लेकिन सेवा का फल नगदो-नगद मिलता है। आप जी फरमाते हैं कि हमारे हिन्दु महापुरुषों ने यही लिखा है कि कड़ा परिश्रम करके खाओ और मालिक की सृष्टि की सेवा में भी लगाओ। इस्लाम धर्म के अनुसार हक-हलाल की रोजी-रोटी खाओ और अल्लाह की खलकत की सेवा में भी जरूर लगाओ।
सिख धर्म में गुरु-साहिबानों ने भी यही फरमाया कि दसां नहुआं दी किरत करो और वंड के छको। बोली अलग है, कहने का अंदाज अलग है, लेकिन सभी धर्मों के महापुरुष, संत, पीर-पैगम्बर, अवतार, गुरू सबका एक ही संदेश कि आप मेहनत की कमाई करके खाएं और मेहनत का कुछ हिस्सा दीन-दुखियों की मदद में भी जरूर लगाएं। जिसे आप दूसरे समझते हैं वो मालिक की औलाद है, अगर आप उनका भला करेंगे, तो मालिक भी आपका भला जरूर करेंगे।
Comments