Surat Railway Station News: सूरत के रेलवे स्टेशन पर कतारों में यात्रियों की भारी भीड़, देखें क्या है माजरा?

दिवाली पर घर जाने के लिए सूरत के उधना स्टेशन पर 12 घंटे तक कतारों में खड़े यात्री

Published On

Udhna Railway Station Crowd: सूरत (सच कहूँ/एजेंसी)। दीपावली का त्यौहार परिवार के साथ मनाने के लिए अपने घरों की ओर लौट रहे यात्रियों के कारण गुजरात के सूरत और उधना रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। हालात ऐसे हैं कि बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले कई यात्रियों को टिकट और ट्रेन में जगह पाने के लिए 12-12 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। लंबी कतारों में खड़े यात्रियों के सामने सबसे बड़ी चिंता समय पर अपने घर पहुंचने और सफर के लिए सीट मिलने की है।

त्यौहार के दौरान बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों और विशेष फेरों की व्यवस्था की है। पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना ने बताया कि दीपावली की छुट्टियों के चलते ट्रेनों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसे देखते हुए जालोर, झाझापुर और अन्य व्यस्त मार्गों पर स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं।

रेलवे अधिकारी के अनुसार, पश्चिम रेलवे क्षेत्र में 190 से अधिक विशेष ट्रेनों को नोटिफाई किया गया है। इनमें सूरत और उधना क्षेत्र से 70 से ज्यादा ट्रेनें शामिल हैं, जिनके 300 से अधिक फेरे निर्धारित किए गए हैं। 10 अक्टूबर से अब तक 10 विशेष ट्रेनों को नोटिफाई किया गया है, जिनमें पांच का संचालन पूरा हो चुका है। यात्रियों की अचानक बढ़ती संख्या को देखते हुए झाझापुर रूट पर अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई गई हैं। रेलवे ने जरूरत के मुताबिक आगे भी विशेष ट्रेनें बढ़ाने की बात कही है।

रात से सुबह तक 15 हजार यात्रियों ने किया सफर

यात्री संख्या का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रात 11 बजे से सुबह तक करीब 14 से 15 हजार लोग सफर कर चुके हैं। वहीं, 1 अक्टूबर से अब तक इस रूट पर चार लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की है।

स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की मदद के लिए रेलवे ने अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात किया है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), अतिरिक्त टिकट काउंटर, हेल्प डेस्क और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा पुरुषों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग-अलग मॉड्यूलर शौचालय बनाए गए हैं। स्टेशन परिसर में 150 से अधिक लाउडस्पीकर और एटीएम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि यात्रियों को जरूरी सूचनाएं और सुविधाएं मिल सकें।

सुबह से कतारों में खड़े यात्री, घर पहुंचने की चिंता

स्टेशन पर मौजूद यात्रियों की परेशानी उनके बयानों से भी सामने आई। बिहार के सत्येंद्र कुमार ने बताया कि वह सुबह करीब तीन बजे से कतार में खड़े हैं और उन्हें उम्मीद है कि बिहार जाने के लिए ट्रेन मिल जाएगी।

वहीं, दानापुर जाने वाले अभिषेक कुमार सुबह चार बजे से लाइन में लगे हुए थे। उनका कहना था कि ट्रेन और सीट को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाने के कारण उन्हें यह चिंता सता रही है कि वह दीपावली से पहले घर पहुंच पाएंगे या नहीं। हालांकि, जिन यात्रियों को रेलवे की व्यवस्था के तहत सीट मिल गई, उन्होंने राहत जताई। त्यौहार के मद्देनजर रेलवे के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती बढ़ती भीड़ को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts