नूरे जलाल है छा गया, सतगुरु प्यारा आ गया...

पूर्ण मुर्शिद की तलाश और मिलन

Published On

पूजनीय बेपरवाह सार्इं शाह मस्ताना जी महाराज का जन्म विक्रमी संवत 1948 की कार्तिक पूर्णिमा के दिन सन 1891 में पूजनीय पिता श्री पिल्ला मल्ल जी और पूजनीय माता तुलसां बाई जी के घर गांव कोटड़ा, तहसील गंधेय, जिला कलायत, बिलोचिस्तान में हुआ। आपजी के पूजनीय माता-पिता धार्मिक विचारों के धनी थे। माता जी अपना अधिकांश समय साधु-संतों की सेवा और धार्मिक कार्यों में व्यतीत करती थीं। आपजी के माता-पिता के घर कोई पुत्र नहीं था। आपजी के पूजनीय माता-पिता जी हमेशा परमात्मा से पुत्र प्राप्ति की प्रार्थना करते रहते थे। एक बार पूजनीय माता जी की मुलाकात एक मस्त फकीर से हुई। आपजी ने उस फकीर की अन्न, जल और वस्त्र आदि से सेवा की तथा पुत्र प्राप्ति की इच्छा जताई। पूजनीय माता जी की सेवा से प्रसन्न होकर फकीर ने कहा, ‘‘माता जी, पुत्र तो आपके घर जन्म ले लेगा, लेकिन वह दुनिया का उद्धार करने आएगा, आप जी के काम नहीं आएगा। यदि यह मंजूर है तो ले लो।’’ पूजनीय माता जी ने कहा कि हमें मंजूर है। पूजनीय माता जी की लगन, श्रद्धा और सेवाभाव से प्रसन्न होकर परमपिता परमात्मा ने माताजी की मनोकामना पूरी की और माताजी को शाह मस्ताना जी (खुदखुदा) के रूप में अलौकिक पुत्र की प्राप्ति हुई। पूजनीय माता-पिता जी ने आपका नाम खेमा मल्ल जी रखा।

एक बार आपजी घर के लिए राशन लेने गए। वहाँ कुछ गरीब और जरूरतमंद लोग दुकानदार से आटा और राशन उधार देने की मिन्नतें कर रहे थे। वे कह रहे थे कि उनके बच्चे भूखे हैं और उन्होंने सुबह से कुछ नहीं खाया है। दुकानदार ने उन्हें और उधार देने से इनकार कर दिया, क्योंकि वे पहले का उधार भी नहीं चुका पाए थे। 
    आपजी को उनकी हालत पर तरस आ गया और आपजी जो पैसे घर से राशन खरीदने के लिए लाए थे, आपजी ने उन पैसों से गरीब लोगों को राशन दिलवा दिया। इसके बाद खुद दिनभर एक बाग में माली के साथ काम किया और जो पैसे मिले उनसे घर के लिए राशन खरीदकर पूजनीय माता जी को दे दिया। इस तरह आपजी सुबह जल्दी उठकर दूर तक रास्तों की सफाई करते, ताकि राहगीरों को कोई परेशानी न हो। उन दिनों बिलोचिस्तान में ऊंचे-ऊंचे रेत के टीले हुआ करते थे। गर्मी के कारण राहगीरों का प्यास से बुरा हाल हो जाता था। यह देखकर आप जी सुबह-सुबह रास्तों पर पानी से भरे घड़े (मटके) रख देते और कई बार घड़ों के पास खजूर, बेर और भुने हुए चने भी रख देते और आप जी स्वयं घड़ों के पास बैठकर भजन-बंदगी करते रहते।

पूर्ण मुर्शिद की तलाश और मिलन

बचपन से ही आपजी जिज्ञासु प्रवृत्ति वाले थे। आपजी पूर्ण सतगुरु की तलाश में बेचैन रहते। आपजी का अनेक साधु-महात्माओं से मिलना हुआ, लेकिन वे केवल रिद्धियों-सिद्धियों तक ही सीमित थे, जिससे आपजी को तसल्ली नहीं होती थी। जब आपजी उनसे उस परमात्मा के बारे में पूछते, जो कण-कण में मौजूद है और पूरी सृष्टि को चला रहा है, तो वे असमर्थता जताते हुए कहते कि इस बारे में उन्हें कुछ नहीं पता, वे केवल रिद्धियों-सिद्धियों के बारे में बता सकते हैं। इससे आपको संतुष्टि नहीं होती थी। एक दिन आपजी अपने घर में भक्ति कर रहे थे। तभी सफेद कपड़े पहने एक फकीर आपजी के पास आया और फरमाया कि यदि आप परमात्मा को प्रत्यक्ष रूप से देखना चाहते हैं तो ऐसे पूर्ण गुरु की तलाश करें, जिन्होंने स्वयं परमात्मा को प्राप्त किया हो। आपजी उस कमरे को बाहर से ताला लगाकर उस फकीर के लिए दूध लेने के लिए चले गए। जब वापस आए और ताला खोलकर देखा तो वह फकीर वहाँ नहीं था। इससे आपजी के मन की जिज्ञासा और बढ़ गई कि उस फकीर ने आपजी को दर्शन देकर पूर्ण गुरु की तलाश करने का वचन दिया था। आपकी तड़प और बढ़ गई और आपजी पूर्ण सतगुरु की खोज में 9 साल तक लगे रहे। एक बार आपजी बिलोचिस्तान के मुल्तान रेलवे स्टेशन पर बैठे थे। उस फकीर ने दोबारा दर्शन दिए और फरमाया, ‘‘भाई, तुम्हारी तलाश पूरी हो गई है। अब तुम सीधे ब्यास आ जाओ।’’ इतना कहकर फकीर अंतर्ध्यान हो गया। डेरा ब्यास पहुंच कर आपजी को पता चला कि पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज सिकंदरपुर (सरसा) गए हुए हैं। आप जी पूछते-पूछते सिकंदरपुर पहुंच गए। जब आपने पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज के दर्शन किए तो हैरान रह गए। यह वही फकीर हैं, जिन्होंने आपजी को घर, सपने और मुल्तान रेलवे स्टेशन पर दर्शन दिए थे। वैराग्य के कारण आपजी की आँखों से आँसुओं की धारा बहने लगी। अब आपजी की खोज पूरी हो चुकी थी। आपजी ने पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज का कोटि-कोटि धन्यवाद किया।

नाम की प्राप्ति 

आपजी ने पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज के चरणों में नाम प्राप्ति की विनती की। पूजनीय बाबा जी ने आप जी को नाम-शब्द की दात बख्शते हुए फरमाया, ‘‘हम तुम्हें अपनी दया-मेहर देते हैं, जो आपका सारा काम करेगी। आपजी को कहीं भी कोई रुकावट नहीं आएगी।’’ पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज ने आपजी को बिलोचिस्तान जाकर सतगुरु का यश गाने का वचन फरमाया। आपजी सतगुरु जी के हुक्मानुसार दिन-रात सुमिरन करते और सतगुरु की महिमा का गुणगान करते। आपजी बिलोचिस्तान से जीवों को अपने साथ लाते और उन्हें नाम-शब्द दिलवाते। पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज ने आपजी को बिलोचिस्तान के अलावा मुल्तान, सांगला, मौजरा, लायलपुर और मिंटगुमरी के क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी।

‘‘मस्ताना शाह की उपाधि’’


आपजी सेवादारों के साथ मिलकर खूब सेवा करते। आपजी लंगर तैयार करने के लिए लकड़ियाँ लाने जाते। आपजी सेवा करते समय अपनी कमर पर घुंघरू बांध लेते और मुर्शिद की याद में नाचने लगते। कुछ सेवादारों ने पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज से बेपरवाह सार्इं शाह मस्ताना जी महाराज के नाचने की शिकायत की। इस पर पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज ने अपनी रहमत भरी दृष्टि डालते हुए आपजी को नाचने का हुक्म फरमाया। आपजी मस्ती में खूब नाचे। यह देखकर सभी हैरान रह गए। पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज आपजी को देखकर मुस्कुरा रहे थे। ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो पूरी कायनात ही नाच रही हो। आपजी को सतगुरु की मस्ती में नाचते देखकर पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज ने रहमत बख्शते हुए फरमाया, ‘‘यह तो मस्ताना है, मस्ताना। वैसे तो पूरा जहान ही मस्ताना है कोई रंग-रूप का, कोई धन-दौलत का, लेकिन यह तो सतगुरु का मस्ताना है। आज से तू मस्ताना हुआ। तुझसे कोई रूहानी काम लेंगे।’’ उस दिन से पूजनीय बाबा सावण सिंह जी महाराज आपजी को मस्ताना शाह बिलोचिस्तानी कहने लगे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts