Haryana School News: अब स्कूलों का निरीक्षण करेंगे बड़े अधिकारी, साल में तीन बार जाना होगा जरूरी
अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट में दर्ज होगी स्कूल विजिट और निरीक्षण की जानकारी
चंडीगढ़, सच कहूँ न्यूज। Haryana School News: हरियाणा में सरकारी स्कूलों की पढ़ाई और सुविधाओं में सुधार के लिए सरकार ने अधिकारियों की जवाबदेही तय करने का फैसला लिया है। अब प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) में उनके द्वारा गोद लिए गए स्कूलों के दौरे और निरीक्षण का पूरा ब्योरा दर्ज किया जाएगा। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों और सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर स्कूलों को गोद लेने की योजना की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारियों को अपने गोद लिए गए स्कूलों का साल में कम से कम तीन बार दौरा करना होगा।
जमीनी स्तर की जांच करेंगे अधिकारी
मुख्य सचिव ने कहा कि स्कूलों का दौरा केवल औपचारिक निरीक्षण तक सीमित नहीं होना चाहिए। अधिकारियों को विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत कर पढ़ाई के स्तर, स्कूल के माहौल, उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों के इस्तेमाल की जानकारी लेनी होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि एसीआर में एक विशेष कॉलम जोड़ा जाए, जिसमें गोद लिए गए स्कूल का नाम, दौरे की संख्या और निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों व सुधार संबंधी सुझावों का विवरण दर्ज हो। अधिकारियों को अपनी वार्षिक स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट के साथ स्कूल निरीक्षण रिपोर्ट भी जमा करवानी होगी।
स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय दहिया ने बताया कि अधिकारियों को निरीक्षण रिपोर्ट निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि स्कूलों का निरीक्षण तय नियमों के अनुसार किया जाए और कमियों को दर्ज कर उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। इस व्यवस्था से सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं और शिक्षण व्यवस्था पर नियमित नजर रखी जा सकेगी। साथ ही, स्कूलों में सुधार की जिम्मेदारी भी तय होगी।
Comments