गुरुग्राम के सभी सार्वजनिक स्थल और पार्क नो स्मोकिंग जोन घोषित
धूम्रपान करने वालों पर लगेगा जुमार्ना, निगमायुक्त डॉ. पंकज ने जारी किया आदेश
गुरुग्राम, सच कहूँ न्यूज़। Gurugram News: शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और तंबाकू के धुएं से मुक्त बनाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम की सीमा के अंतर्गत आने वाले सभी सार्वजनिक स्थलों और पार्कों को नो स्मोकिंग जोन घोषित किया गया है। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने इसके आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। जारी आदेश के अनुसार, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (सीओटीपीए) तथा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध नियम, 2008 के प्रावधानों के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है। इसी क्रम में नगर निगम ने शहर के सार्वजनिक स्थलों को नो स्मोकिंग जोन घोषित करते हुए धूम्रपान, तंबाकू सेवन और सिगरेट एवं बीड़ी के टुकड़े इधर-उधर फेंकने पर सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। जारी आदेश में नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत बाजार, बस स्टॉप, बस स्टैंड और सार्वजनिक परिवहन के साधन, सभी पार्क, ग्रीन बेल्ट, खेल के मैदान और खुले सार्वजनिक स्थान, जिनका स्वामित्व, रखरखाव या प्रबंधन नगर निगम द्वारा किया जाता है।
इनमें शेड, गजिबो और अन्य कवर किए गए ढांचे भी शामिल हैं, सभी कार्यालय, सामुदायिक केंद्र, पुस्तकालय, डिस्पेंसरी, पार्किंग स्थल और सार्वजनिक शौचालय परिसर आदि नो स्मोकिंग जोन में शामिल हैं। आदेश के अनुसार, इन स्थानों पर कोई भी व्यक्ति सिगरेट, बीड़ी, सिगार या किसी अन्य तंबाकू उत्पाद का सेवन नहीं कर सकेगा। इसके साथ ही सिगरेट एवं बीड़ी के टुकड़े फेंकने और तंबाकू खाकर थूकने पर भी प्रतिबंध रहेगा। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नो स्मोकिंग जोन में धूम्रपान करने वालों पर सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 की धारा 21 के तहत 200 रुपये तक का जुमार्ना लगाया जा सकता है। इसके अलावा सिगरेट एवं बीड़ी के टुकड़े इधर-उधर फेंकने तथा तंबाकू खाकर थूकने पर कार्रवाई की जाएगी। किसी प्रतिष्ठान द्वारा बार-बार नियमों का उल्लंघन किए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Comments