ऊंचागांव महापंचायत के बाद रोहित प्रधान पर मुकदमा, वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
युवती की घर वापसी की मांग को लेकर हुई थी महापंचायत, मुस्लिम समुदाय के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: क्षेत्र के ऊंचागांव में युवती की बरामदगी और घर वापसी की मांग को लेकर आयोजित महापंचायत के विवाद अब नया मोड़ ले लिया है। महापंचायत में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में गंगोह निवासी रोहित प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभा से संबंधित वीडियो फेसबुक पर वायरल होने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों में आक्रोश की बात सामने आई है। पुलिस ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका में रोहित प्रधान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता(बीएनएस) की धारा-353(2) के तहत कार्रवाई की है।
विगत 15 नवंबर को ऊंचागांव के प्राचीन शिवमंदिर में एक युवती की घर वापसी की मांग को लेकर हिन्दू संगठनों की महापंचायत आयोजित हुई थी। इसमें विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने भाग लिया था। महापंचायत में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर लोगों का गुस्सा भड़क गया था। उन्होंने कैराना-कांधला मार्ग पर पहुंचकर सड़क जाम करके जमकर हंगामा किया था। सूचना पर कैराना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। उनके समझाने पर लोगों ने सड़क से जाम हटा लिया था। बाद में सीओ कैराना हेमंत कुमार ने महापंचायत में पहुंचकर लोगों की बात सुनी थी। पंचायत में शामिल संगठनों के पदाधिकारियों ने युवती की घर वापसी और आरोपी युवक व उसके परिजनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को दो दिन का समय दिया था। मांग पूरी नहीं होने पर कैराना कूच करने की चेतावनी दी गई थी।
इस दौरान आरोपी युवक के एनकाउंटर और उसके घर पर बुलडोजर कार्यवाही जैसी मांगें भी उठी थी। इसी महापंचायत में रोहित प्रधान सनातनी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए थे। अब पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि 15 नवंबर को ऊंचागांव में हुई सभा के दौरान रोहित प्रधान ने मुस्लिम समुदाय के लोगों के खिलाफ गाली-गलौज और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। पुलिस के अनुसार, सभा से संबंधित वीडियो फेसबुक के एक अकाउंट से वायरल हो रहा था, जिसे लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों में नाराजगी थी। तीतरवाड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पवन कुमार की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, वह कांस्टेबल अंकित कुमार और पवनीश कुमार के साथ गश्त करते हुए ऊंचागांव पहुंचे थे। वहां मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्रित मिले।
रिपोर्ट में उल्लेख किया गया कि वायरल वीडियो से समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की बात सामने आई है। उपनिरीक्षक ने अपनी रिपोर्ट में आशंका जताई कि इस तरह की टिप्पणियों वाले वीडियो के प्रसार से विभिन्न धर्मों और समुदायों के बीच शत्रुता, घृणा और वैमनस्य की भावना उत्पन्न हो सकती है। इससे क्षेत्र में सांप्रदायिक सद्भाव और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। पुलिस ने मामले में गंगोह, जनपद सहारनपुर निवासी रोहित प्रधान के खिलाफ 22 नवंबर की रात 10 बजकर 43 मिनट पर एफआईआर संख्या 0742/2026 दर्ज की है। मुकदमा भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) के तहत दर्ज किया गया है।
खास बात यह है कि 15 नवंबर की सभा के सात दिन बाद रोहित प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। हालांकि, कथित वायरल वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में रोहित प्रधान का पक्ष भी उपलब्ध नहीं है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि प्रकरण में सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियों पर स्वतः संज्ञान लेकर विधिक कार्यवाही की गई है।
युवती की बरामदगी को लेकर शुरू हुआ था विवाद
ऊंचागांव की मेडिकल की पढ़ाई कर रही एक युवती के दो नवंबर को हरियाणा के यमुनानगर निवासी युवक के साथ चले जाने के बाद मामला चर्चा में आया था। परिजनों की ओर से युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोप लगाए गए थे। युवती की मां ने 12 नवंबर को बघरा आश्रम पहुंचकर स्वामी यशवीर महाराज से मदद की गुहार लगाई थी। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था।
पुलिस ने 12 नवंबर की देर रात आरोपी युवक और उसके माता-पिता, भाई तथा मामा के खिलाफ अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन के आरोपों में मुकदमा दर्ज किया था। बाद में युवती की बरामदगी की सूचना भी सामने आई थी और पुलिस द्वारा मजिस्ट्रेट के समक्ष उसके बयान दर्ज कराने की तैयारी किए जाने की बात कही गई थी। इसी प्रकरण को लेकर हिन्दू संगठनों ने 15 नवंबर को महापंचायत बुलाई थी।
महापंचायत के विवाद में अब दूसरी एफआईआर
युवती से जुड़े मामले में पहले आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। अब महापंचायत वाले दिन की सभा में कथित टिप्पणी को लेकर रोहित प्रधान के खिलाफ अलग एफआईआर दर्ज हुई है। दोनों मुकदमों की पृष्ठभूमि ऊंचागांव के घटनाक्रम से जुड़ी है, लेकिन आरोप और कानूनी मामले अलग-अलग हैं। फिलहाल रोहित प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि उपलब्ध है, जबकि गिरफ्तारी या आगे की पुलिस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
Comments