बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर कैराना कोर्ट पहुंचे गोगी गैंग के शूटर

योगेश टुंडा और दीपक डबास उर्फ तीतर ने पटियाला हाउस कोर्ट में प्रार्थना-पत्र देकर जताई थी फर्जी एनकाउंटर की आशंका

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड की साजिश में नामजद लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गैंग से जुड़े दो कथित शूटरों को सोमवार को कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच कैराना की अदालत में पेश किया गया। जहां पर दोनों आरोपियों पर पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में जिरह हुई। हालांकि कोर्ट ने दोनों आरोपियों की पेशी के लिए आगामी 20 नवंबर की तारीख नियत की है। दोनों आरोपियों ने पिछले दिनों दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में प्रार्थना-पत्र देकर फर्जी एनकाउंटर की आशंका जताई थी। 

विगत 26 अगस्त की शाम शामली के आर्यपुरी नाला पटरी पर जिम से घर लौट रहे हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के पांच दिन बाद 31 अगस्त को शामली पुलिस ने हत्याकांड में शामिल बताए गए दो शूटरों मोहित और सुमित को मुठभेड़ में मार गिराया था। इसके बाद, पुलिस ने हत्या की साजिश में करनाल जेल में बंद गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू तथा दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद योगेश टुंडा, दीपक डबास उर्फ तीतर और दिनेश करालिया को भी आरोपी बनाया था। अक्टूबर माह में तिहाड़ जेल में बंद योगेश टुंडा और दीपक डबास उर्फ तीतर को कैराना स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया था। शामली पुलिस ने दोनों को हत्याकांड की साजिश में आरोपी बनाते हुए अदालत से रिमांड हासिल किया था।

इसके बाद, दोनों आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए अदालत में प्रार्थना-पत्र दाखिल किया गया था। इस पर अदालत ने सोमवार को सुनवाई के दौरान दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए थे। विगत तीन नवंबर को दोनों आरोपितों ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में फर्जी एनकाउंटर की आशंका जताई थी। उन्होंने अदालत से गुहार लगाई थी कि कैराना में पेशी के दौरान उन्हें बुलेटप्रूफ जैकेट और बेड़ियां पहनाकर ले जाया जाए। कोर्ट के आदेश पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों आरोपियों को बंदी रक्षक वाहन से कड़ी सुरक्षा के बीच तिहाड़ जेल से कैराना लाया गया। दोनों आरोपियों की पेशी को लेकर न्यायालय परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा के दृष्टिगत स्थानीय पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आई।

इस दौरान कैराना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार, किलागेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजकुमार बघेल, इमामगेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार त्यागी और उपनिरीक्षक वेदपाल सिंह समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा। बंदी रक्षक वाहन से उतारने के बाद दोनों आरोपितों को पहले मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में ले जाया गया। हालांकि, पत्रावली स्थानांतरित होने के कारण बाद में उन्हें अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। अदालती प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली पुलिस दोनों आरोपितों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वापस तिहाड़ जेल ले गई। कोर्ट ने पुलिस कस्टडी रिमांड पर सुनवाई के लिए आगामी 20 नवंबर निर्धारित की है।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts