अशुभ विवाह प्रदर्शनी में शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की झांकी अव्वल, जीता प्रथम पुरस्कार

विजेता टीम को 21 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी, छात्राओं के प्रभावी प्रस्तुतीकरण और अनुशासन ने निर्णायक मंडल का ध्यान खींचा

Published On

सरसा, 28 नवंबर (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के बहुउद्देश्यीय हॉल में आयोजित अशुभ विवाह प्रदर्शनी में शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल सरसा की बाल विवाह संबंधी झांकी ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम और स्कूल की प्राचार्या डॉ. शीला पुनिया को 21 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय की इस उपलब्धि पर शनिवार को आयोजित अभिभावक मार्गदर्शन कार्यक्रम में भी विजेता छात्राओं को बधाई दी गई। प्रदर्शनी में अलग-अलग 12 विद्यालयों की टीमों ने अलग-अलग झांकियां प्रस्तुत कीं। शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की झांकी में विवाह समारोह से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों और रस्मों को दर्शाया गया। इसमें नाच-गाना, छायाकार, ढोल बजाने वाले, रिश्तेदारों की भूमिका सहित विवाह से जुड़ी अन्य रस्मों को प्रस्तुति के माध्यम से दिखाया गया।

छात्राओं के प्रभावी प्रस्तुतीकरण, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता के संदेश ने निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया और झांकी प्रथम स्थान पर रही। प्रथम स्थान हासिल करने पर सीडीएलयू के कुलपति प्रो. विजय कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल, नगर परिषद चेयरमैन वीरशांति स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला, सीडीएलयू के कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार, ब्रह्मकुमारी आश्रम से बिंदु बहन, पार्षद सुमन शर्मा और आयोजक व सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन के संस्थापक सुनील जागलान ने विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शीला पुनिया और विजेता छात्राओं को सम्मानित किया।

प्राचार्या डॉ. शीला पुनिया ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन शिक्षाओं को जाता है। उन्हीं की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर विद्यालय में बच्चों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षित करना और बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर देना जरूरी है। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए भी जागरूकता आवश्यक है। बेटियों की शादी बालिग होने के बाद ही की जानी चाहिए, ताकि वे शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें और अपने सपनों को पूरा कर सकें। उन्होंने कहा कि यह सम्मान छात्राओं की मेहनत, अनुशासन और पूज्य गुरु जी की शिक्षाओं से मिली प्रेरणा का परिणाम है।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts