Srinivas Bendkhale Death: कारोबारी श्रीनिवास बेंडखले की 1200 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत
महाराष्ट्र के रायगढ़ में हुआ हादसा
Businessman Shrinivas Bendkhale Death: रायगढ़ (सच कहूँ/एजेंसी)। महाराष्ट्र में दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गई। रायगढ़ जिले के ताम्हिनी घाट में दो दिन से लापता कारोबारी का शव करीब 1200 फीट गहरी खाई से बरामद किया गया। वहीं, रत्नागिरी जिले में राज्य परिवहन की बस की चपेट में आने से एक दोपहिया वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
ताम्हिनी घाट में खाई से बरामद हुआ कारोबारी का शव
रायगढ़ जिले के कारोबारी श्रीनिवास बेंडखले पिछले दो दिनों से लापता थे। उनकी तलाश के दौरान पुलिस को पुणे और रायगढ़ जिलों को जोड़ने वाले ताम्हिनी घाट क्षेत्र में उनके वाहन की लोकेशन मिली। इसके बाद संबंधित इलाके में खोज अभियान शुरू किया गया। तलाशी के दौरान पता चला कि कारोबारी करीब 1200 फीट गहरी खाई में गिर गए थे। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद देर रात उनका शव खाई से बाहर निकाला। बाद में शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया। श्रीनिवास बेंडखले रायगढ़ जिले के मानगांव तालुका स्थित गोरेगांव के रहने वाले थे। क्षेत्र में उनकी पहचान एक कारोबारी के रूप में थी।
रत्नागिरी में बस के पिछले पहिए के नीचे आया बाइक सवार
दूसरी घटना रत्नागिरी जिले के दापोली-मंडनगढ़ मार्ग पर हुई। शनिवार सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच राज्य परिवहन की बस और दोपहिया वाहन के बीच दुर्घटना हो गई। बस मंडनगढ़ से दापोली की तरफ जा रही थी, जबकि बाइक सवार विपरीत दिशा में सफर कर रहा था।
इसी दौरान दोपहिया चालक बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गया। गंभीर हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान दापोली तालुका के कलकाई कोंड निवासी सुरेंद्र गोरीवाले के रूप में हुई। दुर्घटना के कारण मार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस की आवश्यक कार्रवाई के बाद सड़क पर आवागमन फिर से सामान्य कर दिया गया। महाराष्ट्र के इन दोनों हादसों में दो लोगों की मौत से संबंधित इलाकों में शोक का माहौल है।
Comments