पैसों के लेनदेन को लेकर युवक की हत्या, शव जमीन में दफनाया

सेक्टर-65 थाना पुलिस ने बदायूं से दो और आरोपी दबोचे

Published On

गुरुग्राम, सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा। Gurugram Crime News: पैसों के लेनदेन के विवाद में 25 वर्षीय युवक की चाकू से वार कर और गला घोंटकर हत्या करने तथा शव को जमीन में दबाने के मामले में सेक्टर-65 थाना पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि इस मामले में अब तक सभी तीन आरोपी पकड़े जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई नईम के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। नईम गुरुग्राम में मूंगफली बेचने का काम करता था। वह आठ नवंबर की शाम बैटरी चार्ज करने का चार्जर लेने दिल्ली जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन लौटा नहीं। बाद में सेक्टर-50 में उसका मोबाइल फोन मिला, जिसकी पहचान परिजनों ने की। शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने पहले आरोपी बबलू (21), निवासी जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश), को उसके गांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि बबलू और नईम चार-पांच साल से साझेदारी में मूंगफली बेचते थे और दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। आठ नवंबर को सेक्टर-63 कादरपुर टी-पॉइंट के पास झुग्गियों में कहासुनी के दौरान बबलू ने नईम पर चाकू से वार किया और साथियों के साथ मिलकर गमछे से गला घोंट दिया।

थाना प्रभारी निरीक्षक रामबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को गांव बेहटा गोसाई, जिला बदायूं से मोहम्मद सुभान (19) और मोहम्मद शाहनवाज (19) को गिरफ्तार किया। दोनों ने बबलू के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। हत्या के बाद आरोपियों ने अपने पहने हुए कपड़े जला दिए। इसके बाद शव को पास के पुराने पानी के टैंक में गड्ढा खोदकर दबा दिया, ऊपर से नमक डाला और मिट्टी से ढक दिया, ताकि वारदात का पता न चल सके।

Gurugram Crime New: गुरुग्राम पुलिस की गिरफ्त में हत्या के दो आरोपी।  

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts