माउंट आबू में पहली बार सजा पक्षियों का संसार

बर्ड फेस्टिवल में 25 से अधिक प्रजातियों ने खींचा ध्यान

Published On

Mount Abu Bird Festival 2026: उदयपुर/माउंट आबू (सच कहूँ ब्यूरो)। राजस्थान के प्रसिद्ध पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण को लेकर नई पहल देखने को मिली। अरावली की पहाड़ियों के बीच शनिवार को पहले माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल-2026 की शुरुआत हुई। दो दिवसीय इस आयोजन में पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों से पक्षी विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, वन्यजीव संरक्षणकर्ताओं और प्रकृति प्रेमियों ने भाग लिया।

महोत्सव के शुरुआती दिन आयोजित बर्ड वाचिंग गतिविधि में प्रतिभागियों को 25 से अधिक प्रजातियों के पक्षियों को देखने और उनके व्यवहार को समझने का अवसर मिला। इसके अलावा तितलियों के जीवन चक्र का लाइव प्रदर्शन और दो हजार से अधिक पक्षी आधारित डाक टिकटों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। आयोजन में करीब 400 विद्यार्थियों की भागीदारी ने इसे शैक्षणिक और पर्यावरण जागरूकता के लिहाज से भी खास बनाया।

वन विभाग और पर्यावरण संगठनों के सहयोग से आयोजन

ग्रीन पीपल सोसायटी (GPS), उदयपुर की पहल पर आयोजित इस महोत्सव में राजस्थान वन विभाग, विश्व प्रकृति निधि (WWF-India) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की आंतरिक सुरक्षा अकादमी सहयोगी संस्थाओं के रूप में जुड़े हैं। शनिवार को आंतरिक सुरक्षा अकादमी परिसर में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम के साथ उत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई। इस आयोजन को माउंट आबू के प्रसिद्ध प्रकृतिविद् और पक्षी प्रेमी स्वर्गीय अनिल माथुर की स्मृति को समर्पित किया गया है। उनका जीवन प्रकृति के प्रति समर्पण और संरक्षण के प्रयासों से जुड़ा रहा था।

महोत्सव के दौरान स्वर्गीय अनिल माथुर की स्मृति में स्थापित प्रकृति संरक्षण सम्मान प्रदान किया गया। इस वर्ष यह पुरस्कार राजस्थान के डोड़वा उच्च माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक सरूपा राम माली को उनके पर्यावरण एवं प्रकृति संरक्षण से जुड़े कार्यों के लिए दिया गया। सम्मान स्वरूप उन्हें प्रशस्ति-पत्र और 5,001 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। यह सम्मान स्वर्गीय अनिल माथुर की पुत्री पूर्णिमा और उनके दामाद रवि माथुर ने भेंट किया।

पक्षी पहचान पुस्तिका और स्मारिका का विमोचन

कार्यक्रम में अतिथियों ने रंगीन चित्रों से तैयार पक्षी पहचान पुस्तिका तथा बर्ड फेस्टिवल की स्मारिका का विमोचन किया। विद्यार्थियों को पक्षियों की प्रजातियों की पहचान और उनके बारे में जानकारी हासिल करने के उद्देश्य से यह पुस्तिका वितरित की गई। इसके साथ ही माउंट आबू निवासी डॉ. अरुण शर्मा की पुस्तक 'रक्त सूत्र' का भी विमोचन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और प्रकृति प्रेमियों को अध्ययन, अवलोकन तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता से जोड़ने का प्रयास किया गया।

उद्घाटन समारोह में संभागीय मुख्य वन संरक्षक सुनील छिद्री, उप वन संरक्षक सिरोही डॉ. अजीत उचोई, नगरपालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य, उपखंड अधिकारी राकेश श्रीवास्तव, लेफ्टिनेंट कर्नल सुमित भारद्वाज और आंतरिक सुरक्षा अकादमी के कमांडेंट महेंद्र कुमार उपस्थित रहे। इसके अलावा ग्रीन पीपल सोसायटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर, उपाध्यक्ष विक्रम सिंह एवं डॉ. शरद श्रीवास्तव, उप वन संरक्षक वन्यजीव मंडल उदयपुर अनुराग भटनागर, डॉ. सुजीत नरवडे, श्याम दवे, रमा सिंह, डॉ. बाशोबी भटनागर, गजेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार नानीवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में शामिल हुए। माउंट आबू में आयोजित यह महोत्सव स्थानीय जैव विविधता को समझने, पक्षियों के प्राकृतिक आवासों के महत्व को पहचानने और नई पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts