Rajasthan Highway News: राजस्थान में सड़कें होंगी आधुनिक, विश्व बैंक कर रहा मदद

चल रहे हजारों करोड़ के प्रोजेक्ट, मुख्य सचिव ने की समीक्षा

Published On

जयपुर (सच कहूँ ब्यूरो)। राजस्थान में सड़क परिवहन नेटवर्क को आधुनिक बनाने और राज्य राजमार्गों की गुणवत्ता सुधारने के लिए संचालित परियोजनाओं की प्रगति पर सरकार ने समीक्षा तेज कर दी है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शासन सचिवालय में राजस्थान राज्य राजमार्ग आधुनिकीकरण परियोजना (RHMP) की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन सड़कों, नई परियोजनाओं और तकनीकी अध्ययन की स्थिति का जायजा लिया। विश्व बैंक के वित्तपोषण से संचालित इस परियोजना के माध्यम से प्रदेश में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, सुरक्षित आवागमन और आधुनिक परिवहन सुविधाओं को विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

EPC और HAM मॉडल से 456 किलोमीटर से अधिक सड़क कार्य प्रगतिरत

समीक्षा बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता ने परियोजना की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि EPC मॉडल के पांच पैकेजों में कुल 262.794 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण एवं उन्नयन किया जा रहा है। इसी तरह हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (HAM) के अंतर्गत दो पैकेजों में चार सड़क मार्गों पर 193.805 किलोमीटर के कार्य जारी हैं। इसके अलावा पांच अन्य सड़क मार्गों की व्यवहार्यता जांच यानी फिजिबिलिटी स्टडी भी करवाई जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि विश्व बैंक की सहायता से परियोजना के प्रथम चरण में पूरे किए गए 13 सड़क कार्यों में निर्धारित समय प्रबंधन लक्ष्य के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन हुआ है। इन कार्यों में 10 प्रतिशत के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 32 प्रतिशत समय की बचत दर्ज की गई। यह उपलब्धि परियोजना के क्रियान्वयन और निर्माण कार्यों की समयबद्धता के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

बैठक में राज्य के सड़क प्रबंधन और परिवहन तकनीक से जुड़े कार्यों की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों के अनुसार, राजस्थान में 44 सड़कों पर स्थापित 81 टोल प्लाजा के माध्यम से टोल शुल्क एकत्र किया जा रहा है। इसके साथ ही पांच राज्य राजमार्गों पर इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम (ITS) लागू करने की प्रक्रिया चल रही है। इस तकनीक के माध्यम से सड़क परिवहन प्रबंधन, यातायात निगरानी और संचालन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

एडीबी और विश्व बैंक की सहायता से हजारों करोड़ के सड़क प्रोजेक्ट

राजस्थान में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) और विश्व बैंक के सहयोग से भी बड़े स्तर पर काम किए जा रहे हैं। एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से प्रदेश में 31 सड़कों के कुल 2,020 किलोमीटर लंबे निर्माण एवं उन्नयन कार्य 3,502 करोड़ रुपये की लागत से पूरे किए जा चुके हैं।

वहीं, विश्व बैंक की सहायता से 27 सड़कों के कुल 1,858 किलोमीटर के कार्यों के लिए 6,373 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इनमें से 16 सड़क परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, छह पर निर्माण कार्य जारी है और पांच परियोजनाएं विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के चरण में हैं। इन कार्यों पर अब तक 2,534 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

परियोजना के अंतर्गत सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग को कार्यान्वयन एजेंसी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इससे सड़क निर्माण के साथ सुरक्षित यातायात व्यवस्था विकसित करने पर भी ध्यान केंद्रित किया जा सकेगा। बैठक में परिवहन विभाग के प्रमुख शासन सचिव भवानी सिंह देथा और वित्त विभाग (व्यय) की शासन सचिव डॉ. टीना सोनी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts