रिहान मिस्टर फ्रेशर और राधिका बनीं मिस फ्रेशर
फ्रेशर-फेयरवेल पार्टी में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
Freshers' and Farewell Party: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। जंक्शन स्थित संस्कार कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन में सोमवार को फ्रेशर एवं फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करने के साथ ही महाविद्यालय से विदा ले रहे विद्यार्थियों को सुखद यादों के साथ शुभकामनाएं देना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष प्राचार्य डॉ. राजेश वर्मा एवं उपप्राचार्य डॉ. बलदेव कुमार ने दीप प्रज्वलित कर वंदना के साथ किया।
प्राचार्य डॉ. राजेश वर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में विद्यार्थियों ने एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य एवं गायन की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। पंजाबी, हरियाणवी एवं राजस्थानी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करने वाले कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केन्द्र रहे।
विद्यार्थियों के मनोरंजन एवं आपसी समन्वय को बढ़ावा देने के लिए रैम्प-वॉक एवं कैटवॉक, गुब्बारों के साथ डिस्पोजेबल ग्लास गेम सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में रिहान को मिस्टर फ्रेशर तथा राधिका को मिस फ्रेशर चुना गया। कार्यक्रम का संयोजन प्रभारी व्याख्याता सिमरनजीत कौर ने किया, जबकि मंच संचालन छात्रा अंजलि ने किया। फेयरवेल समारोह के दौरान महाविद्यालय से विदा ले रहे विद्यार्थियों को उनकी महाविद्यालय की स्मृतियों को संजोने के लिए स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
साथ ही महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों के योगदान एवं सहयोग की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान-पत्र प्रदान किए गए। स्टाफ सदस्यों में तजेंद्रपाल, किरण बाला, दीप्ति त्यागी, वैशाली गोदारा, कमला रानी, जया लाधर, जुगल किशोर, महजबीन, मुरलीधर पारीक, रेशम सिंह, कुलदीप सिंह एवं जसकरण सिंह शामिल रहे। प्राचार्य डॉ. राजेश वर्मा एवं उपप्राचार्य डॉ. बलदेव कुमार ने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में स्टाफ के योगदान को सराहा।