₹92000 Handbag: जोधपुर स्टेशन पर छूटा 92 हजार का हैंडबैग किसका था?

RPF ने ऐसे खोज निकाली मालकिन, स्टेशन पर लावारिस मिला हैंडबैग

Published On

RPF Jodhpur: जोधपुर (सच कहूँ न्यूज़)। रेलवे स्टेशन पर छूटा करीब 92 हजार रुपए कीमत का हैंडबैग आरपीएफ ने सुरक्षित बरामद कर महिला यात्री के परिजनों को सुपुर्द कर दिया। बैग में 57 हजार रुपए नकद,कीमती मोबाइल,दवाइयां और हवाई टिकट था। ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ की सतर्कता से महिला यात्री का सामान सुरक्षित वापस मिल गया।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा के अनुसार 7 अक्टूबर को आरपीएफ ड्यूटी अधिकारी अजीत खान होमगार्ड कर्मचारी भरत सिंह के साथ जोधपुर स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में गश्त कर रहे थे। इस दौरान डेमो रेल इंजन के पास रेलिंग पर एक हैंडबैग टंगा दिखाई दिया। आसपास पूछताछ और उद्घोषणा के बावजूद जब कोई बैग लेने नहीं पहुंचा तो उसे सुरक्षित कब्जे में लेकर जांच की गई।

बैग में नकदी,मोबाइल,दवाइयां और हवाई टिकट मिला। टिकट के आधार पर संबंधित एजेंट से संपर्क कर यात्री संगीता का मोबाइल नंबर प्राप्त किया गया। संपर्क करने पर पता चला कि चेन्नई निवासी संगीता परिवार के साथ ट्रेन संख्या 22492 मंडोर सुपरफास्ट से जयपुर से जोधपुर आई थीं। स्टेशन से टैक्सी में रिश्तेदार के घर जाते समय उनका हैंडबैग छूट गया था। आरपीएफ की सूचना के बाद उनके जोधपुर निवासी रिश्तेदार राकेश कुमार आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। सामान की पहचान और तस्दीक के बाद हैंडबैग उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। बैग सुरक्षित मिलने पर यात्री ने आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के लिए आभार जताया।

About The Author

Related Posts