शिक्षा और रोजगार
IND vs PAK Asian Games: 'शर्मा जी' के तूफ़ान से नहीं उबर पाया पाकिस्तान, एशियन गेम्स क्रिकेट में फिर रचा इतिहास
अभिषेक शर्मा के 61 और तिलक वर्मा के 51 रनों का धमाल, लगातार दूसरी बार जीता एशियन गेम्स क्रिकेट गोल्ड
IND vs PAK Asian Games: निशिन (सच कहूँ/एजेंसी)। टीम इंडिया ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल मैच में पाकिस्तान को 19 रनों से चित करते हुए फिर से गोल्ड मेडल पर हासिल किया है। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क के मैदान पर भारत से मिले 212 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 192 रनों पर ही सिमट गई।
भारत ने खड़ा किया 211 रनों का पहाड़
टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को तेज शुरुआत दिलाने में अभिषेक शर्मा ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने महज 28 गेंदों पर 61 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के शामिल रहे। इसके बाद तिलक वर्मा ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने 22 गेंदों पर 51 रन की पारी खेली और अपनी पारी के दौरान 4 छक्के लगाए। इन पारियों की बदौलत भारत निर्धारित 20 ओवर में 211 रन तक पहुंचने में सफल रहा।
पाकिस्तान चुनौती से लड़ा, लेकिन लक्ष्य से रह गया दूर
212 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत के बाद पारी को संभालने की जिम्मेदारी हसन नवाज ने उठाई। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 96 रन बनाए। सईम अयूब ने भी 29 रन का योगदान दिया। इसके बावजूद पाकिस्तान की टीम जरूरी रन गति बरकरार नहीं रख सकी और निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 192 रन ही बना पाई। इस तरह भारत ने मुकाबला 19 रन से अपने नाम कर लिया।
भारतीय गेंदबाजों ने दिखाया दम
भारत की ओर से वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने गेंदबाजी में प्रभाव डाला। तीनों गेंदबाजों ने 2-2 विकेट हासिल किए और पाकिस्तान को लक्ष्य तक पहुंचने से रोकने में अहम भूमिका निभाई। इस मुकाबले में 211 रन बनाने के साथ भारत ने टी-20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के खिलाफ अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी दर्ज किया। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ भारत का सर्वाधिक स्कोर 192/5 था, जो 2012 में अहमदाबाद में बनाया गया था। एशियन गेम्स के फाइनल में जीत के साथ भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल हासिल किया और टूर्नामेंट में अपनी बादशाहत बरकरार रखी।