CDLU में सीएसई विभाग के विद्यार्थियों ने सफाई अभियान कर चमकाया कैंपस
लिया स्वच्छता का संकल्प
सरसा(सच कहूँ/सुनील वर्मा)। विद्यार्थियों और शिक्षकों को स्वच्छता, स्वस्थ वातावरण तथा सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वीरवार को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम विभागाध्यक्ष एवं डीन, फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग प्रो. हरीश रोहिल के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम में प्रो. विक्रम ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल आसपास की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवन और बेहतर समाज की नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से घर, विभाग, परिसर और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
डॉ. कपिल ने विद्यार्थियों को नागरिक बोध के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालना, सार्वजनिक संपत्ति का सम्मान करना और दूसरों की सुविधाओं का ध्यान रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने का आह्वान किया।
अभियान में बीटेक सीएसई, बीटेक एआई-एमएल, एमएससी कंप्यूटर साइंस (एआई एवं डेटा साइंस), एमसीए और पीजीडीसीए के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विभाग परिसर में सफाई की तथा विभिन्न स्थानों पर सैनिटाइजेशन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। अंत में विभाग की ओर से सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।