शिक्षा और रोजगार
Milk News: पटियाला में 124 दूध के सैंपलों की जांच, 110 मानकों से कम पाए गए
‘मेहता की पुकार, मिलावट को इनकार’: दूध शुद्धता जाँच शिविर लगाया
पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। ‘मेहता की पुकार, मिलावट को इनकार’ अभियान के तहत जिला योजना कमेटी के चेयरमैन तेजिन्द्र मेहता ने डेयरी विकास विभाग के सहयोग से पटियाला के विभिन्न इलाकों में लगातार तीन दूध शुद्धता जांच शिविर लगाए। इन शिविरों के दौरान लोगों ने अपने घरों से दूध के सैंपल लाकर मौके पर जांच करवाई। तीन दिनों के दौरान कुल 124 सैंपलों की जांच की गई, जिनमें से 14 सैंपल मानकों के अनुसार और 110 सैंपल मानकों से कम पाए गए। शिव मंदिर, सारोवाला मोहल्ला, त्रिवेणी चौक में 28 सितंबर को लगाए गए शिविर में दूध के कुल 51 सैंपल जांचे गए।
इनमें से 8 सैंपल मानकों के अनुसार और 43 सैंपल मानकों से कम पाए गए। मानकों से कम पाए गए सैंपलों में 10 से 40 प्रतिशत तक पानी की मात्रा पाई गई, जबकि एक सैंपल में सुक्रोज रसायन पाया गया। तोपखाना मोड़ स्थित जीनगर धर्मशाला में 29 सितंबर को लगाए गए शिविर के दौरान दूध के 35 सैंपलों की जांच की गई। इनमें से 4 सैंपल मानकों के अनुसार और 31 सैंपल मानकों से कम पाए गए। मानकों से कम पाए गए सैंपलों में 10 से 57 प्रतिशत तक पानी की मात्रा पाई गई। तवकली मोड़ में 30 सितंबर को लगाए गए शिविर में 38 सैंपलों की जांच की गई। इनमें से 2 सैंपल मानकों के अनुसार और 36 सैंपल मानकों से कम पाए गए। इन सैंपलों में भी 10 से 57 प्रतिशत तक पानी की मात्रा पाई गई।
मेहता ने कहा कि दूध हर परिवार के दैनिक आहार का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसकी गुणवत्ता के बारे में उपभोक्ताओं का जागरूक होना जरूरी है। डेयरी विकास विभाग के डिप्टी डायरेक्टर पटियाला दलबीर कुमार ने बताया कि इन शिविरों के दौरान उपभोक्ताओं को मौके पर ही दूध की गुणवत्ता संबंधी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि तीन दिनों के दौरान जांचे गए 124 सैंपलों में से 110 सैंपल मानकों से कम पाए गए। इस मौके डेयरी विकास इंस्पेक्टर कुलविंदर सिंह, इंस्पेक्टर लखमीर सिंह और इंस्पेक्टर उपिंदरजीत कौर ने अपनी ड्यूटी बखूबी निभाई।