शिक्षा और रोजगार
Smart Card: टिब्बी में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस व RSRTC का 63वां स्थापना दिवस, 48 लाभार्थियों को मिले स्मार्ट कार्ड
टिब्बी में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस व RSRTC का 63वां स्थापना दिवस, 48 लाभार्थियों को मिले स्मार्ट कार्ड
टिब्बी (सच कहूँ न्यूज़)। Tibbi News: टिब्बी उपखंड अधिकारी बाबूलाल रेगर एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) हनुमानगढ़ के मुख्य प्रबंधक हामिद अली के मार्गदर्शन में स्थानीय नगरपालिका परिसर में गुरुवार को"अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस" तथा "राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के 63वें स्थापना दिवस" के अवसर पर एक भव्य वृद्धजन सम्मान, दिव्यांग उपकरण वितरण एवं रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
शाम पांच बजे मिली जानकारी के मुताबिक नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी सुनील कुमार सैनी की अध्यक्षता में आयोजित इस बहुउद्देशीय शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से मौके पर ही जोड़ना तथा उनका सम्मान करना था। शिविर के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति टिब्बी के संयुक्त तत्वावधान में चलने-फिरने में असक्षम स्थानीय दिव्यांग मंगासिंह को सहायक उपकरण के रूप में ट्राई-साइकिल प्रदान की गई। ट्राई-साइकिल पाकर दिव्यांग के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
वहीं, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ के सौजन्य से वृद्धजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य पात्र श्रेणियों के 48 लाभार्थियों को मौके पर ही रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा योजना का लाभ लेने से वंचित रह गए 40 पात्र आवेदकों की कागजी कार्यवाही मौके पर ही पूरी करवाकर उनके आवेदन पत्र निगम की पास शाखा को प्रेषित किए गए, ताकि जल्द ही उन्हें भी स्मार्ट कार्ड जारी किए जा सकें।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग हनुमानगढ़ के सहयोग से विभिन्न श्रेणियों के 08 दिव्यांगजनों को यूडीआईडी (UDID) कार्ड सौंपे गए। साथ ही, दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र से वंचित 15 दिव्यांगों को चिन्हित किया गया, जिनकी आगामी दिनों में जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन की मेडिकल टीम द्वारा आवश्यक जांच पूरी करवाकर मेडिकल प्रमाण-पत्र जारी करवाए जाएंगे।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण ने बुजुर्गों की सेवा को मानव धर्म और "नर सेवा ही नारायण सेवा" बताते हुए सभी को इस पुनीत कार्य में योगदान देने का आह्वान किया। नगरपालिका अध्यक्ष देवीलाल महेरड़ा, अधिशाषी अधिकारी सुनील कुमार सैनी, अतिरिक्त विकास अधिकारी जसवीर सिंह एवं सहायक अभियंता गोपीकृष्ण दाधीच सहित अतिथियों ने वृद्धजनों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया और युवाओं को अपने माता-पिता व बुजुर्गों के बताए मार्ग पर चलने की सलाह दी।
इस अवसर पर पार्षद पत्रकार प्रभु राम,सुशील गोदारा, हरदीप सिंह, संजय, राजेंद्र, गोरीशंकर, ताल्लुका विधिक सेवा समिति अधिकार मित्र जगदीश डूडी, वरिष्ठ सहायक हरबंस कुमार, सुमित्रा, कर्मचारी रामकुमार, गोवर्धन सहित नगरपालिका स्टाफ और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।