Paddy Procurement: छछरौली अनाज मंडी में धान खरीद का विधिवत शुभारंभ: इलेक्ट्रॉनिक कांटों से होगी तुलाई, नए मीटर से नमी की जांच

एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने अधिकारियों संग लिया व्यवस्थाओं का जायजा; किसानों से साफ और सुखाकर धान लाने की अपील

Published On

छछरौली (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Chhachhrauli News: अनाज मंडी छछरौली में धान खरीद सीजन का विधिवत शुभारंभ हुआ। खरीद प्रक्रिया की शुरुआत के दौरान छछरौली एसडीएम जसपाल सिंह गिल, मार्केट कमेटी के चेयरमैन कैलाश शर्मा, वाइस चेयरमैन योगेश अग्रवाल, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) कार्तिक चौहान तथा मार्केट कमेटी के सचिव अनिल पुरषार्थी मुख्य रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंडी में पहुंची धान की ढेरियों का इलेक्ट्रॉनिक मीटर के माध्यम से मॉइस्चर (नमी) चेक कर खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया।

सूखा व साफ धान लेकर आएं किसान, तुरंत होगी खरीद

एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने निरीक्षण के दौरान संतोष जताते हुए कहा कि मंडी में किसान जो धान लेकर आ रहे हैं, उसमें नमी की मात्रा पहले से ही काफी कम है, जो एक अच्छी बात है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से आह्वान किया कि वे अपनी जीरी (धान) को अच्छी तरह सुखाकर व साफ करके ही मंडी में लाएं। इससे किसानों का समय बचेगा और फसल मंडी में पहुंचते ही पहली बोली में बिक सकेगी।

पारदर्शिता के लिए इलेक्ट्रॉनिक मीटर और नए कांटे

प्रशासन द्वारा खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सटीक रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एसडीएम ने बताया कि नमी जांचने के लिए नए इलेक्ट्रॉनिक मॉइस्चर मीटर खरीदे गए हैं, ताकि रिपोर्ट में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। इसके साथ ही पूरी मंडी में धान की तुलाई इलेक्ट्रॉनिक कांटों से कराई जा रही है, जिससे किसानों को तौल में कोई असुविधा या संशय न रहे।

मंडी की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, किसानों से की बातचीत

अधिकारियों ने मंडी परिसर में किसानों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं—पेयजल, रोशनी व बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने मौके पर उपस्थित किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और भरोसा दिलाया कि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी भी किसान को परेशानी नहीं आने दी जाएगी; सभी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग, फूड सप्लाई इंस्पेक्टर सुखचैन, मंडीका सुपरवाइजर धीरज कुमार, ऑक्शन रिकॉर्डर चंद्रभान, समेत सहित मंडी के कई आढ़ती व किसान उपस्थित रहे।

 

About The Author

Related Posts