Paddy MSP: हरियाणा की 249 मंडियों में धान खरीद का शेड्यूल जारी, सरसा की 34 मंडियों में एजेंसियों के दिन तय
प्रदेश की 249 मंडियों के लिए जारी हुआ आदेश
Paddy MSP: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। धान की सरकारी खरीद को लेकर किसानों के इंतजार पर अब तस्वीर साफ हो गई है। खरीफ विपणन सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश की 249 मंडियों और खरीद केंद्रों में खरीद एजेंसियों के दिन तय कर दिए गए हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से वीरवार को जारी आदेश में खाद्य विभाग, हैफेड और हरियाणा राज्य भंडारण निगम को मंडियों के अनुसार खरीद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें सरसा जिले की 34 मंडियां और खरीद केंद्र भी शामिल हैं। संबंधित एजेंसियों को तय दिनों के अनुसार ही खरीद व्यवस्था संचालित करनी होगी।
सरसा मंडी में पूरे सप्ताह हैफेड की खरीद
सरकारी सूची के अनुसार सरसा शहर की मंडी को हैफेड के लिए विशेष रूप से आवंटित किया गया है। यहां हैफेड पूरे सप्ताह धान की खरीद करेगा। वहीं अबूबशहर में खाद्य विभाग सोमवार और वीरवार को खरीद करेगा, जबकि मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को हैफेड की जिम्मेदारी रहेगी। डबवाली में खरीद की जिम्मेदारी तीन एजेंसियों में बांटी गई है। यहां खाद्य विभाग मंगलवार और शुक्रवार, हैफेड सोमवार, बुधवार और वीरवार तथा हरियाणा राज्य भंडारण निगम शनिवार को खरीद करेगा। कालांवाली में खाद्य विभाग सोमवार व वीरवार, हैफेड मंगलवार व शुक्रवार और हरियाणा राज्य भंडारण निगम बुधवार व शनिवार को खरीद करेगा।
रानियां और सुरतिया में भी हैफेड संभालेगा खरीद
जिले की रानियां और सुरतिया मंडियों में भी हैफेड को खरीद की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा बड़ागुढ़ा, भावदीन, चठ्ठा, दड़बी, डिंग, डिंगमोड़/पतली डाबर, देसूजोधा, ऐलनाबाद, जीवननगर, करीवाला, कुताबढ़, लोहगढ़, मोजगढ़, रोड़ी, सुचान कोटली, थिराज, पनिहारी, फग्गू, केवल, ओढ़ां, चौटाला, हैबुआना, कालुआना, नाथूसरी चौपटा और जांडवाला बिश्नोइयां समेत जिले के अन्य खरीद केंद्र भी सूची में शामिल किए गए हैं।
प्रदेश की 249 मंडियों के लिए जारी हुआ आदेश
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त निदेशक (खरीद) की ओर से 24 सितंबर को जारी आदेश प्रदेश की 249 मंडियों/खरीद केंद्रों पर लागू होगा। आदेश की प्रतियां संबंधित उपायुक्तों, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी गई हैं। विभाग ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार धान खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
किसानों के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है शेड्यूल
मंडियों में अलग-अलग एजेंसियों के खरीद दिवस पहले से तय होने से किसानों और आढ़तियों को यह पता रहेगा कि किस दिन कौन सी एजेंसी खरीद करेगी। खासकर सरसा जिले में जहां कई मंडियों में दो या तीन एजेंसियों को खरीद की जिम्मेदारी दी गई है, वहां निर्धारित दिवस के अनुसार खरीद व्यवस्था संचालित होगी। इससे मंडी स्तर पर एजेंसियों की जिम्मेदारी स्पष्ट रहेगी और खरीद प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से चलाने में मदद मिलेगी।
डीएफएससी हरवीर रावत ने बताया कि धान खरीद के लिए जिले की सभी संबंधित मंडियों में एजेंसियों के खरीद दिवस निर्धारित कर दिए गए हैं। खाद्य विभाग, हैफेड और हरियाणा राज्य भंडारण निगम को आवंटित दिनों के अनुसार खरीद करनी होगी। मंडियों में खरीद व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। किसानों को निर्धारित खरीद व्यवस्था के अनुसार अपनी फसल मंडी में लाने की सुविधा मिलेगी।