Asian Games Table Tennis: अब टेबल टेनिस मिक्स्ड डबल्स में भी मेडल हुआ पक्का, 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम भी फाइनल में पहुंची
मिक्स्ड डबल्स में मानुष शाह-दिया चितले की शानदार जीत
Asian Games Table Tennis: नागोया (सच कहूँ/एजेंसी)। भारतीय टेबल टेनिस की जोड़ी मानुष शाह और दिया चितले ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। क्वार्टर फाइनल में भारतीय जोड़ी ने हांगकांग के वोंग चुन-टिंग और डू होई केम को 3-1 से मात दी। मुकाबले का स्कोर 11-6, 13-15, 11-9 और 11-5 रहा।
इस जीत के साथ मानुष और दिया ने भारत के लिए टेबल टेनिस में एक और पदक सुनिश्चित कर दिया। अब सेमीफाइनल में उनका सामना चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी वांग चुकिन और सुन यिंगशा से होगा। भारतीय जोड़ी की कोशिश जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाने की होगी।
भारतीय खिलाड़ियों ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और पहला गेम 11-6 से अपने नाम किया। हांगकांग की जोड़ी ने दूसरे गेम में वापसी करते हुए 15-13 से जीत हासिल की और मुकाबला बराबरी पर ला दिया। इसके बाद मानुष और दिया ने दबाव के बीच बेहतर तालमेल दिखाया। तीसरे गेम में दोनों ने 11-9 से जीत दर्ज की। चौथे गेम में भारतीय जोड़ी ने शुरुआत से ही नियंत्रण बनाए रखा और 11-5 से गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
एशियन गेम्स में भारत का अहम पदक
मिक्स्ड डबल्स में यह भारत का एशियन गेम्स इतिहास में दूसरा पदक होगा। इससे पहले शरत कमल और मनिका बत्रा ने जकार्ता में 2018 के संस्करण में कांस्य पदक हासिल किया था। टेबल टेनिस में भारत के अब तक एशियन गेम्स में तीन पदक रहे हैं और ये सभी कांस्य पदक हैं। इनमें 2018 का मिक्स्ड डबल्स कांस्य और पुरुष टीम का कांस्य शामिल है। हांगझोऊ 2023 में सुतीर्था मुखर्जी और अयहिका मुखर्जी ने महिला डबल्स में कांस्य पदक जीता था। आइची-नागोया 2026 में शामिल हरमीत देसाई, जी साथियान और मानव ठक्कर भी 2018 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम का हिस्सा रहे थे। अब मानुष शाह और दिया चितले की जोड़ी के पास भारत के पदक का रंग बदलने का मौका है।
शूटिंग में भी भारत की मजबूत शुरुआत
उधर शूटिंग में भी भारत ने फाइनल में जगह बना ली है। 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा के क्वालिफिकेशन में कमलजीत और सुरुचि इंदर सिंह ने शीर्ष स्थान हासिल किया। भारतीय जोड़ी ने 21 टीमों के क्वालिफिकेशन राउंड में 587 अंक जुटाए और 29 इनर-10 के साथ पहले स्थान पर रही। ईरान ने 584-17x, दक्षिण कोरिया ने 582-23x और इंडोनेशिया ने 580-30x के स्कोर के साथ फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। चार टीमों के फाइनल में भारत के अलावा ईरान, दक्षिण कोरिया और इंडोनेशिया पदक के लिए मुकाबला करेंगे।