UPITS 2026: यूपीआईटीएस-2026 से वैश्विक सोर्सिंग हब बनेगा उत्तर प्रदेश: भूपेंद्र चौधरी
ग्रेनो स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में दिखेगा यूपी का हुनर, मिलेगी वैश्विक पहचान
ग्रेटर नोएडा (सच कहूँ न्यूज़)। Greater Noida News: उत्तर प्रदेश को वैश्विक सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा। एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शक, 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 5 लाख से अधिक आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। इसका उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। चौधरी ने कहा कि प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां हैं। यूपीआईटीएस के माध्यम से उद्यमियों, निर्माताओं और निर्यातकों को देश-विदेश के बाजारों से जोड़ने के साथ निवेश, कारोबार विस्तार और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
छह देश पार्टनर के रूप में हुए शामिल इस बार ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पार्टनर देशों के रूप में शामिल होंगे। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण हो चुके हैं।बीटूबी मैचमेकिंग, नेटवर्किंग और बिजनेस सेशन के माध्यम से खरीदारों और प्रदर्शकों को सीधे कारोबारी संवाद का अवसर मिलेगा।ट्रेड शो में कृषि, ऑटोमोबाइल, ईवी, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, हस्तशिल्प, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स, पर्यटन, इंजीनियरिंग, रियल एस्टेट, लॉजिस्टिक्स और रिन्यूएबल एनर्जी समेत विभिन्न क्षेत्रों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। एमएसएमई, ओडीओपी, कौशल विकास, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और निर्यात से जुड़ी सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी।
‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूजीन’ को मिलेगी खास पहचान
यूपीआईटीएस-2026 में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के साथ ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूजीन’ को भी विशेष पहचान दी जाएगी। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजन और खाद्य विरासत को देश-विदेश के लोगों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। पांच दिवसीय आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव परफॉर्मेंस, फैशन शो, अवॉर्ड और लेजर शो भी होंगे। आयोजकों के अनुसार, 2025 के संस्करण में 5,07,099 आगंतुक पहुंचे थे और 2,228 प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया था।
इस दौरान 2,400 से अधिक एमओयू के माध्यम से 1,882 करोड़ रुपये के प्रस्ताव और 11,200 करोड़ रुपये से अधिक की बिजनेस इन्क्वायरी दर्ज की गई थी। इस बार डिजिटल मैचमेकिंग और यूपीआईटीएस ऐप के जरिए खरीदारों व प्रदर्शकों को कारोबारी बैठकें पहले से तय करने की सुविधा भी मिलेगी।इस मौके पर प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल ,एमएसएमई सचिव प्रांजल, आयुक्त विजेंद्र पांडेय, डीएम मेधा रूपम,रोहित आनंद,एक्सपो के चयरमैन राकेश कुमार वर्मा आदि वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।