बॉक्सर दीपक हत्याकांड: दोस्त ने ही रची हत्या की साजिश, तीन गिरफ्तार
हांसी पुलिस कि बढ़ी कार्यवाई, 24 घंटे में ही आरोपी काबू
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: गांव धर्मखेड़ी में बॉक्सर दीपक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसके दोस्त प्रिंस समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहतक के गांव अजायब निवासी प्रिंस, आर्यन और जितेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे प्रिंस की बहन को लेकर दीपक से उसकी नाराजगी सामने आई है।
हांसी एसपी विनोद कुमार के मुताबिक, जांच में सामने आया कि वारदात वाले दिन चार युवक रिट्ज कार से गांव में आए थे। दिनभर वे गांव की दुकानों पर यूपीआई के जरिए पैसे निकलवाने के लिए घूमते रहे। ग्रामीणों ने भी उन्हें कार में देखा था। हत्या के बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
बहन से छेड़छाड़ को लेकर था विवाद
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दीपक ने करीब सात साल पहले प्रिंस की सगी बहन का रिश्ता अपनी मौसी के बेटे मोहित से करवाया था। पुलिस के अनुसार, प्रिंस को दीपक के उसकी बहन के घर आने-जाने पर आपत्ति थी। आरोप है कि दीपक उसकी बहन से छेड़छाड़ करता था।
प्रिंस ने पूछताछ में बताया कि उसने कई बार दीपक को ऐसा करने से मना किया, लेकिन वह नहीं माना। पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन प्रिंस ने दीपक को शराब पीने के लिए बुलाया। इस दौरान दीपक ने फिर उसकी बहन को लेकर टिप्पणी की, जिस पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि प्रिंस ने अपने साथियों के साथ मिलकर कस्सी और बीयर की बोतलों से दीपक पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
मोबाइल और कार की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, एक अन्य युवक अजय भी उनके साथ था। पूछताछ में उसने बताया कि वह खेत में गया था और हुक्का भरने के बाद वापस लौट आया था। पुलिस अब दीपक के मोबाइल फोन और वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। हत्या के बाद पुलिस ने दीपक के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव धर्मखेड़ी लाया गया, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। थाना प्रभारी जयसिंह के अनुसार, मामले में जांच जारी है।