बरवाला जींद रोड पर भीषण हादसा, दो बाइकों की टक्कर में 3 युवकों की मौत

मुर्गी फार्म के पास आमने-सामने भिड़ी बाइकें, तीनों मृतक शादीशुदा; एक बरवाला सरकारी अस्पताल में था इलेक्ट्रीशियन

Published On

नारनौंद (सच कहूँ/मुकेश)। Narnaund News: बरवाला जींद रोड पर बागा मुर्गी फार्म के पास बुधवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार युवक सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान गांव ईटल निवासी विजय कुमार (32), खेड़ी जालब निवासी कपिल (30) और खेड़ी लोहचब निवासी मोहित के रूप में हुई है। विजय कुमार बरवाला के सरकारी अस्पताल में इलेक्ट्रीशियन था। हादसे की सूचना मिलते ही तीनों के परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों के मुताबिक तीनों शादीशुदा थे। विजय के दो छोटे बच्चे हैं, जबकि कपिल का एक बेटा और मोहित के दो बेटे हैं।

काम से घर लौट रहे थे दो युवक

जानकारी के अनुसार कपिल और मोहित एक बाइक पर सवार होकर जींद से अपने गांव लौट रहे थे। वहीं विजय कुमार अपनी बाइक से ईटल गांव की तरफ जा रहा था। बरवाला जींद मार्ग पर बागा मुर्गी फार्म के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मिर्चपुर पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों को हांसी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

विजय था माता-पिता का इकलौता बेटा

विजय कुमार अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी चार बहनें हैं और सभी शादीशुदा हैं। विजय की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल विजय ने बताया कि हादसे में तीनों युवकों की मौत हुई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार सामने आ रही है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

About The Author

Related Posts