ऑटो-रिक्शा में गूंजी किलकारी, अस्पताल के मुख्य गेट पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म
ऑटो में गूंजी किलकारी, अस्पताल के मुख्य गेट पर महिला ने बच्चे को दिया जन्म, जच्चा-बच्चा स्वस्थ
कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal News: जिला नागरिक अस्पताल के मुख्य गेट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रसव पीड़ा से कराह रही एक महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही ऑटो में बच्चे को जन्म दे दिया। सूचना मिलते ही अस्पताल का स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा और सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद जच्चा और नवजात को अस्पताल के प्रसूति कक्ष में ले जाया गया। चिकित्सकीय देखभाल के बाद दोनों स्वस्थ बताए गए।
अस्पताल की महिला स्वास्थ्यकर्मी ने बताया कि उन्हें बाहर से सूचना मिली थी कि एक ऑटो में प्रसव पीड़ा से परेशान महिला पहुंची है। वह डिलीवरी का आवश्यक सामान लेकर तुरंत मुख्य गेट पर पहुंचीं। महिला को ऑटो से उतारना भी मुश्किल था और इसी दौरान प्रसव हो गया। स्टाफ ने मौके पर सुरक्षित प्रसव कराया और बाद में मां-बच्चे को प्रसूति कक्ष में ले जाया गया। उन्होंने कहा कि प्रसव पीड़ा शुरु होने के बाद परिजनों को महिला को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से बचा जा सके।
जानकारी के अनुसार, कैथल के वार्ड नंबर 20 निवासी जंगीर सिंह आॅटो चलाते हैं। उन्होंने बताया कि वह खाना खाने के लिए घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें रोककर एक गंभीर हालत में मरीज को अस्पताल ले जाने की मदद मांगी। महिला की हालत देखकर उन्होंने बिना देरी किए उसे आॅटो में बैठाया और अस्पताल की ओर रवाना हो गए। जंगीर सिंह के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने से कुछ दूरी पहले ही महिला ने आॅटो में बच्चे को जन्म दे दिया। वह घबरा गए और अंदर पहुंचकर तुरंत अस्पताल स्टाफ को घटना की जानकारी दी। अस्पताल का स्टाफ मौके पर पहुंचा और महिला तथा नवजात को अंदर ले गया।
महिला मुस्कान ने बताया कि अस्पताल का स्टाफ सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंच गया और उसे अंदर ले जाकर उसकी देखभाल की। परिवार के सदस्यों ने बताया कि यह उसका दूसरा बच्चा है। पहले तीन साल की बेटी है और अब बेटे के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है।