National Judo Championship: राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में जीते तीन पदक
युगांक व मोहित यादव ने रजत, नव्या विश्नोई ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का बढ़ाया गौरव
National Judo Championship: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। केन्द्रीय विद्यालय संगठन की ओर से आगरा में आयोजित राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय हनुमानगढ़ के तीन विद्यार्थियों ने जूडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में विद्यालय के कक्षा 12-बी के विद्यार्थी युगांक एवं कक्षा 11-बी के मोहित यादव ने रजत पदक हासिल किया, जबकि कक्षा 12-ए की नव्या विश्नोई ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य रामचंद्र देहाड़ू ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता विद्यालय में खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएं एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के प्रयासों का परिणाम है।
प्राचार्य ने खिलाड़ियों के समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां विद्यालय की खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक राजेश कुमार ने प्रतियोगिता की तैयारी के दौरान खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास एवं खेल तकनीक से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए बेहतर तैयारी करने में सहायता मिली।