“कौशल से करियर और सुरक्षा से जिम्मेदारी की ओर बढ़े युवा”
राजस्थान सरकार के ‘कुशल युवा-आत्मनिर्भर राजस्थान’ के संकल्प से जुड़ा इंजीनियर्स डे आयोजन
अजमेर (सच कहूँ न्यूज़)। इंजीनियर्स डे एवं विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आर्यभट्ट कॉलेज में अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से विद्यार्थियों के लिए विद्युत सुरक्षा, ऊर्जा संरक्षण एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत रत्न सर एम. विश्वेश्वरैया को माल्यार्पण कर उनके तकनीकी नवाचार और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया। "विश्वकर्मा ने सृजन सिखाया, इंजीनियर ने उसे यथार्थ बनाया। एक ने कल्पना दी, दूसरे ने उसे बिजली, पुल और मशीनों में ढाला। आज दोनों परंपराओं का उत्सव है — कौशल का, समर्पण का, और भविष्य गढ़ने के जज़्बे का।
कार्यक्रम में अजमेर डिस्कॉम के जनसंपर्क अधिकारी श्री सतीश सोनी ने कहा कि राजस्थान सरकार युवाओं को कौशल, उच्च शिक्षा, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने तथा महिलाओं को कौशल एवं आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि डिस्कॉम का जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सुरक्षित विद्युत उपयोग, ऊर्जा संरक्षण और जिम्मेदार ऊर्जा व्यवहार के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें अपने परिवार एवं समाज में सुरक्षा के संदेशवाहक के रूप में तैयार करना है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं एनर्जी ऑडिटर पी.सी. तिवारी ने विद्युत सुरक्षा अभियान के तहत ओवरलोडिंग, खराब वायरिंग, ढीले कनेक्शन, क्षतिग्रस्त तार, अर्थिंग तथा विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विद्युत सुरक्षा को केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि जीवन रक्षा की जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं और ऊर्जा की बचत को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाएं।
करियर काउंसलिंग सत्र में विद्यार्थियों को सरकारी सेवा के साथ उच्च शिक्षा, निजी क्षेत्र, तकनीकी कौशल, उद्यमिता, स्टार्टअप एवं उभरती तकनीकों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर लगातार कौशल उन्नयन करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के समापन पर आर्यभट्ट कॉलेज की ओर से आभार व्यक्त किया गया।
